प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को लेकर की गई अपील का असर अब संगठन स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने अनोखी पहल करते हुए कार्यकर्ताओं को ई-वाहनों के उपयोग का संदेश दिया।


भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य शनिवार को नार्थ सिटी एक्सटेंशन स्थित अपने निजी आवास से ई-रिक्शा द्वारा डोहरा रोड स्थित अमृतारा रिसोर्ट में चल रहे भाजपा प्रशिक्षण वर्ग में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ई-रिक्शा से चलकर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत और सादगी का संदेश दिया।


प्रशिक्षण वर्ग में पहुंचने के बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष ने संगठन की गतिविधियों और प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहभागिता की। इसके उपरांत वह महानगर क्षेत्र में अपने व्यक्तिगत कार्यों के लिए भी ई-वाहन से ही रवाना हुए। शाम को वह स्पर्श रिसोर्ट में आयोजित महानगर प्रशिक्षण वर्ग में भी शामिल होंगे।
क्षेत्रीय अध्यक्ष की इस पहल का कार्यकर्ताओं पर भी व्यापक असर देखने को मिला। उनके ई-रिक्शा से पहुंचने के बाद कई भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी ई-वाहनों के जरिए प्रशिक्षण शिविर में पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने इसे पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत की दिशा में प्रेरणादायी कदम बताया।


भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार स्वच्छ ऊर्जा, हरित परिवहन और पेट्रोल-डीजल की बचत को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने का आह्वान कर रहे हैं। ऐसे में संगठन के पदाधिकारियों द्वारा स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करना समाज के लिए सकारात्मक संदेश है।