
सावन माह की कांवड़ यात्रा और मोहर्रम को लेकर रविवार शाम पुलिस व प्रशासनिक अफसरों ने शहर में पैदल मार्च किया। बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा, आईजी रेंज डॉ राकेश कुमार, डीएम रविंद्र कुमार और एसएपी अनुराग आर्य ने पैदल मार्च किया। इस दौरान एडीजी ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी एसएसपी व एसपी सिटी से अलग अलग बिंदुओं पर जानकारी की।
पीस कमेटी की बैठक में सौम्या अग्रवाल ने कहा कि सोशल मीडिया पर व अफवाओं पर ध्यान न दें। पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, कोई यदि मामला है तो उच्च अधिकारियों को तत्काल सूचना दें।

आगामी त्यौहारों के मद्देनजर एडीजी रमित शर्मा व आईजी डॉ राकेश कुमार ने जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए थाना बारादरी क्षेत्र में पैदल भ्रमण किया। शहर में चौराहों, बाजारों व भीड़भाड़ वाले स्थानों, संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त की गयी।

पैदल गश्त के दौरान आमजन से वार्ता कर त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाये जाने एवं आपस में भाईचारा बनाये रखने की अपील की। साथ ही लोगों से कहा कि पुलिस प्रशासन का सुरक्षा व कानून व्यवस्था में सहयोग करें।

पुलिस लाइन में पीस कमेटी की बैठक
पुलिस लाइन में एडीजी रमित शर्मा, कमिश्नर सौम्या अग्रवाल, आईजी राकेश सिंह, डीएम रविंद्र कुमार, एसएसपी अनुराग आर्य ने सभी धर्मगुरुओं के साथ बैठक की। पीस कमेटी की बैठक में अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर व अफवाओं पर ध्यान न दें। पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, कोई यदि मामला है तो उच्च अधिकारियों को सूचना दें। कोई भी नई परंपरा न डाली जाए। डीजे की लंबाई चौड़ाई कम रखें, ताजिया जुलूस व कांवड़ मार्ग में आने वाले रास्तों से सम्बंधित शिकायतों के लिए हेल्पलाइन जारी की है।