ईदगाहों-मस्जिदों में अदा हुई नमाज,
ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर सोमवार को ईदगाह समेत तमाम मस्जिदों में नमाज अदा की गई। अल्लाह की बारगाह में हजारों लोगों के सिर सजदे में झुके। नमाज के बाद देश में अमन, एकता और खुशहाली के लिए दुआ की गई। लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इबादत के बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ। शहर से लेकर देहात तक ईद-उल-अजहा की धूम रही। सुबह ईदगाहों समेत तमाम छोटी-बड़ी मस्जिदों में नमाज अदा कराई गई।

ईदगाह पर नमाज अदा करते नमाजी

बरेली के ईदगाह में ईद-उल-अजहा की नमाज सुबह दस बजे अदा की गई। यहां हजारों की तादाम में नमाजी जुटे। काजी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती असजद रजा खां कादरी ने नमाज अदा कराई। सबसे पहले बाजार संदल खान स्थित दरगाह वली मियां में सुबह 5:40 बजे नमाज अदा की गई। सबसे आखिर में दरगाह आला हजरत की रजा मस्जिद में सुबह 10:30 बजे नमाज अदा कराई गई।

सुरक्षा व्यवस्था के रहे कड़े इंतजाम,जिलाधिकारी व एसएसपी ने किया दौरा..

बकरीद पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। बरेली की सभी मस्जिदों और ईदगाह पर पुलिस तैनात की गई। पुलिस अधिकारियों के साथ टीम बनाकर प्रशासन के अफसर भी भ्रमण पर हैं। बकरीद के चलते सुबह पांच बजे से दोपहर 12 बजे तक भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन किया गया। सात घंटे तक भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया गया।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक घुले सुशील चंद्रभान के साथ ईद उल जुहा (बकरीद) पर्व के अवसर पर कानून व्यवस्था के दृष्टिगत बाकरगंज स्थित ईदगाह पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

उसके बाद जिलाधिकारी ने किला, आलमगीरीगंज, सैलानी रोड, मीरा की पैठ, जगतपुर, वनखंडीनाथ, चक महमूद, शहदाना, कोहाड़ापीर, मोहल्ला घोसियान, गुलाब नगर, कोतवाली क्षेत्र, कुतुबखाना, मनिहार चौराहा, मठ की चौकी लाल मस्जिद, पुराना शहर , सैलानी, मीरा की पैठ, जगतपुर बजरिया, रोहिलखंड चौकी बीसलपुर चौराहा, कांकर टोला, प्रेम नगर धर्म कांटा, गढ़ी चौकी, बिहारीपुर तथा राजेंद्र नगर आदि क्षेत्र के मार्गों पर स्थित मस्जिदों पर भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और क्षेत्र में शांति व्यवस्था को परखा।