मेयर उमेश गौतम, नगर आयुक्त निधि गुप्ता बत्स

घर बैठे जमा करें हाउस टैक्स: 10 प्रतिशत पाएं छूट,बरेली बासियो को चक्रवृद्धि ब्याज से भी मिलेगी मुक्ति..

बरेली शहरवासी अब घर बैठे अपना हाउस टैक्स जमा कर सकेंगे। कर वसूलने के लिए डोर-टू-डोर कर्मचारी पहुंचेंगे। इसके साथ ही जुलाई तक संपत्ति कर में 10 प्रतिशत छूट का लाभ दिया गया है।


बरेली में अब घर बैठे नगर निगम का गृहकर (हाउस टैक्स) जमा किया जा सकेगा। इसके लिए डोर-टू-डोर कर वसूलने कर्मचारी पहुंचेंगे। इसके अलावा आपत्ति जताने पर 24 घंटे में गलत बिल का निस्तारण भी किया जाएगा।

महापौर डॉ. उमेश गौतम व नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने बुधवार को बताया कि शहर में जीआईएस सर्वे के माध्यम से 82,897 नए भवन टैक्स के दायरे में आए हैं। इसके साथ ही अब 2,28,385 लाख करदाता शहर में हो गए हैं। इन करदाताओं को गृहकर जमा करने में दिक्कत न हो, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इस क्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा नगर निगम को टैक्स जमा करने के लिए 100 पॉस मशीनें दे रहा है, जो प्रत्येक वार्ड में किसी न किसी प्रमुख स्थान पर लगाई जाएंगी। ज्यादा बड़े वार्डों में दो मशीनें लगेंगी।

इसके साथ ही महीने में एक बार निरीक्षक डोर-टू-डोर गृहकर जमा करने का अभियान भी चलाएंगे। यही नहीं अब पॉस मशीनों के साथ ही शहर में स्थित 150 बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहक सेवा केंद्रों में भी गृहकर जमा किया जा सकेगा। निगम प्रशासन ने इसके लिए प्रापर्टी टैक्स मैनेजमेंट सिस्टम (पीटीएमएस) से बिल जारी करना शुरू कर दिए गए हैं।


10 प्रतिशत की मिलेगी छूट


नगर आयुक्त के मुताबिक जुलाई तक संपत्ति कर में 10 प्रतिशत छूट का लाभ दिया गया है। इसके साथ ही अगस्त से सितंबर तक साढ़े सात प्रतिशत, अक्टूबर से नवंबर तक पांच प्रतिशत छूट रहेगी। डिजिटल पेमेंट करने पर एक प्रतिशत की अतिरिक्त छूट मिलेगी।

बरेली बासियो को ब्याज से मिलेगी मुक्ति,नहीं देना होगा चक्रवृद्धि ब्याज..


महापौर डॉ. उमेश गौतम के अनुसार अब बरेली शहरवासियों को टैक्स पर चक्रवृद्धि ब्याज नहीं देना होगा। ये अब तक का नगर निगम बोर्ड का सबसे बड़ा फैसला है। वहीं अब तक 1,45,488 कर दाताओं में से सिर्फ 30 हजार भवन स्वामी ही कर अदा करते थे, जबकि जीआईएस सर्वे के बाद पता चला कि 82897 लोगों के पास कर बिल पहुंचता ही नहीं था। ऐसे में छूटे लोगों को भी कर व्यवस्था में शामिल कर लिया गया है। अब इसी साल में निगम का 45 करोड़ का राजस्व जमा करने का लक्ष्य है।

ऑनलाइन मिलेंगी कई सुविधाएं


शहरवासी वेबसाइट- ptms-citizen.nagarnigambareilly.com को लॉगिन कर गृहकर आदि की सारी जानकारी हासिल कर सकेंगे।
भवन कितना बना हुआ है, उसकी गणना का प्रकार, संपत्ति का विवरण/नोटिस देख सकेंगे।
हर भवन का फोटो ऑनलाइन अपलोड होगा।
पुरानी आईडी से भी बिल देख सकेंगे।
बिल पर कोई आपत्ति है तो घर बैठे आपत्ति फार्म भर सकेंगे