योगी सरकार का आपदा प्रभावित और दिव्यांगों को बड़ा तोहफा, बरेली मंडल में बनेंगे 5058 आवास

मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत चारों जिलों में 3915 पक्के मकान स्वीकृत

कमिश्नर ने समीक्षा के बाद लक्ष्य पूरा करने के दिए निर्देश

बरेली मंडल में सबसे ज्यादा पीलीभीत में बनेंगे 1232 आवास


प्राकृतिक और दैवीय आपदा से प्रभावित
किराए के घर और कच्चे मकानो में रह रहे लोगों के लिए खुशखबरी है। योगी सरकार ने ऐसे आर्थिक रूप से कमजोर लोगों और दिव्यांगों को बड़ा तोहफा दिया है। बरेली मंडल में 5058 दिव्यांगों प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को पक्के मकान दिए जाएंगे। कमिश्नर ने चारों जिलों में मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों की समीक्षा की। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शीघ्र आवास बनाने के निर्देश सभी अधिकारियों को दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने घोषणा की थी की बाढ़ से प्रभावित लोगों के नुकसान की भरपाई की जाएगी। जिनके घर गिर गए हैं। उन्हें नया मकान दिया जाएगा। उसी क्रम में मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत बाढ़ प्रभावित लोगों को पक्के मकान दिए जाने की तैयारी शुरू हो गई है।

बरेली मंडल में 3915 मुख्यमंत्री आवास योजना के मकान स्वीकृत

कमिश्नर ने बताया कि बरेली मंडल में 5058 आवास का लक्ष्य है। इसमें 3915 आवास स्वीकृत हो चुके हैं। 1143 आवास स्वीकृत होने हैं। सभी अधिकारियों को पात्र व्यक्तियों का चयन कर जल्द ही आवास स्वीकृत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें बरेली में 637, शाहजहांपुर में 832, बदायूं में 1214, पीलीभीत में 1232 आवास बनाए जाएंगे। इसमें 2687 सामान्य वर्ग और 794 अनुसूचित जाति के आवास स्वीकृत हैं। जबकि सामान्य के 3383 और अनुसूचित जाति के 1107 आवास का लक्ष्य था।

दैवीय आपदा से प्रभावित और दिव्यांगों को मिलेगा मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण का लाभ

मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण का लाभ प्राकृतिक या दैवीय आपदा से प्रभावित व्यक्तियों अथवा दिव्यांगजनों को मिलेगा। इसको लेकर चार अलग-अलग श्रेणी बनाई गई है। इसमें प्रकृतिक/ दैवीय आपदा, कुष्ठ रोगी, नट और दिव्यांगजन को शामिल किया गया है। बरेली मंडल के चारों जिलों में सर्वाधिक दिव्यांगजन आवास बदायूं में 1804 लोगों को दिए जा रहे हैं। इसके अलावा प्राकृतिक आपदा में सबसे ज्यादा आवास पीलीभीत में सर्वाधिक 302 सामान्य और अनुसूचित जाति के लाभार्थियों के स्वीकृत किए गए हैं।

बरेली मंडल में आपदा पीड़ित 416 लोगों को मिलेगा आशियाना

अग्निकांड और भारी वर्षा से बेघर हुए बरेली मण्डल के जनपद बरेली में 110, बदायूं में 14, पीलीभीत में 277 व शाहजहाँपुर में 15 मण्डल में कुल 416 लोगों को योगी सरकार अपना आशियाना देगी। वह पक्के मकान में रहेंगे। कमिश्नर ने बताया कि जनपद बरेली में अग्निकांड से 11, अतिवृष्टि से 91 व बाढ़ से प्रभावित 02, जनपद बदायूं में अग्निकांड से 09, अतिवृष्टि से 05, जनपद पीलीभीत में अग्निकांड से 91, अतिवृष्टि से 157 व बाढ़ से प्रभावित 29 तथा जनपद शाहजहाँपुर में अग्निकांड से 02, अतिवृष्टि से 09 व बाढ़ से प्रभावित 04 पात्र व्यक्तियों का चयन किया गया है। इनको पक्का आवास मुहैया कराया जाएगा।