सहसवान।एक विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम को भेज दिया। शाम तक इस मामले में पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सिलहरी निवासी धर्मेन्द्र की शादी करीब दो साल पहले बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव बादशाहपुर निवासी सुमित्रा (20) के साथ हुई थी। शुक्रवार को धर्मेंद्र के परिवार के लोग खेतों पर गए हुए थे। उनकी पत्नी सुनीता घर पर थी। दोपहर करीब एक बजे परिवार के लोग घर वापस लौटे तो सुमित्रा का शव एक कमरे में साड़ी के साथ फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। मृतका के ससुराल वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर सीओ चंद्रपाल सिंह, कोतवाल विशाल प्रताप सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतका का मायका गांव बादशाहपुर थाना बिल्सी है। मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए थे। कोतवाल विशाल प्रताप सिंह ने बताया कि शव का पीएम कराया जा रहा है। इस संबंध में अभी पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।