सहसवान। नगर में 75 वर्ष से प्रति वर्ष रामलीला मंचन का आयोजन होता चला आ रहा है। नगर में कोरोना काल के बाद इस वर्ष रामलीला मंचन बड़ी धूमधाम से किया गया। राम- रावण युद्ध के बाद बुराई के प्रतीक रावण का पुतला दहन किया गया। तत्पश्चात राम का राज्याभिषेक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी विजय कुमार मिश्र रहे। उप जिलाधिकारी विजय कुमार मिश्रा ने काल के पंजे से मुझको बचाओ माता शेरावाली भजन गाकर उपस्थित भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रामलीला महोत्सव कमेटी की ओर से रात्रि 8:00 बजे से पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। रामलीला महोत्सव कमेटी अध्यक्ष संतोष कुमार गांधी (कल्लू सेठ) ने उप जिलाधिकारी को अंग वस्त्र पहनाकर राम दरबार स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया। पूर्व युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अनुज माहेश्वरी ने रामलीला महोत्सव कमेटी के सभी पदाधिकारियों व राम बरात में शामिल सभी झांकियों के कलाकारों तथा आयोजकों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। रामलीला मंचन के अंत में भक्त प्रहलाद की कथा का मंचन कर रामलीला मंचन का समापन हुआ।