स्थानीय प्रत्याशी न होने को बताया भाजपा की हार की वजह, भाजपा से मांगा टिकट
सहसवान। सहसवान 113 विधानसभा क्षेत्र में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। ब्लॉक प्रमुख के बेटे और युवा भाजपा नेता नमित गुप्ता ने विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व से सहसवान से टिकट देने की मांग की है।
नमित गुप्ता ने कहा कि सहसवान विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की हार का सबसे बड़ा कारण स्थानीय प्रत्याशी का न होना रहा है। बाहरी प्रत्याशी को जनता ने कभी अपना नहीं माना। इसलिए इस बार पार्टी को स्थानीय और जमीन से जुड़े कार्यकर्ता पर भरोसा करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उनका परिवार कई पीढ़ियों से भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा हुआ है। उनके पिता सुभाष चंद्र गुप्ता भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष रह चुके हैं, जबकि उनकी माता वर्तमान में ब्लॉक प्रमुख हैं। वह स्वयं पिछले तीन वर्षों से पार्टी की ओर से दी गई प्रत्येक जिम्मेदारी और लक्ष्य को पूरी निष्ठा के साथ पूरा करते आ रहे हैं।
नमित गुप्ता ने कहा कि वह सहसवान के गांव-गांव में जाकर जनता की समस्याओं को सुन रहे हैं। सहसवान की जनता अब बदलाव चाहती है और अपने बीच के बेटे को विधानसभा में भेजना चाहती है।
इस दौरान दीपावली के पावन अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सहसवान 113 विधानसभा क्षेत्र के करीब 60 पत्रकारों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग, पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
नमित गुप्ता के ऐलान के बाद से सहसवान की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। अब सबकी निगाहें भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व के फैसले पर टिकी हैं।