सहसवान/बदायूँ। एक तरफ सरकार गड्ढा मुक्त सड़कों का दावा कर रही है, वहीं दूसरी तरफ सहसवान नगर के मोहल्ला मोहिउद्दीनपुर में सालों से टूटा पड़ा राजमार्ग शासन-प्रशासन के मुंह पर तमाचा मार रहा है।
आलम यह है कि सड़क नहीं, जैसे कीचड़ का तालाब हो। नालियों के पानी से पूरा मार्ग दलदल बन गया है।
सबसे ज्यादा खामियाजा भुगत रहे हैं स्कूली बच्चे
रोज सुबह शाम इसी रास्ते से सैकड़ों स्कूली बच्चे निकलते हैं। कीचड़ और फिसलन के कारण रोजाना बच्चे गिरकर चोटिल हो रहे हैं। किताबें कीचड़ में सन जा रही हैं, कपड़े खराब हो रहे हैं, लेकिन सुनने वाला कोई नहीं।
स्थानीय लोगों ने बताया – “भारी वाहन भी इसी रास्ते से निकलते हैं, पैदल चलना भी मुश्किल है। शिकायत करते-करते थक गए।”
नगर पालिका बोली- हमारा नहीं, PWD बोला- हमारा नहीं
जब इस मामले में नगर पालिका अध्यक्ष बाबर मियां से बात की गई तो उन्होंने पल्ला झाड़ते हुए कहा – “ये मार्ग PWD के अंडर में आता है।”
वहीं PWD के अधिकारी भी इस सड़क से कन्नी काट रहे हैं। दोनों विभागों की खींचतान में जनता पिस रही है।
मोहल्ले वासियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द इस राजमार्ग का निर्माण नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
