मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टेंपो में मारी टक्कर, सात स्कूली बच्चे घायल
तीन बच्चों की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर
सहसवान में हुए सड़क हादसे के बाद (IAS)शौर्य अरोड़ा ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए जिला अस्पताल एवं राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायल स्कूली बच्चों का हाल-चाल जाना उन्होंने बच्चों के परिजनों से मिलकर उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया और मौजूद चिकित्सकों को बच्चों के बेहतर इलाज के लिए कड़े निर्देश दिए।
बता दे। सभी विद्यार्थी ग्राम इब्राहिमपुर गढ़ी से सहसवान स्थित पन्नालाल इंटर कॉलेज में पढ़ने के लिए आ रहे थे। यह हादसा बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे सहसवान कोतवाली क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर गांव के पास हुआ, जब मिट्टी लदी अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूली बच्चों से भरे टेंपो में टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो सवार सात बच्चे घायल हो गए।

घायलों में सरनाम सिंह की 16 वर्षीय पुत्री भगवती, 12 वर्षीय पुत्र नंद किशोर, हरविलास की 11 वर्षीय पुत्री रजनी, 13 वर्षीय पुत्र किशन, प्रताप सिंह की 11 वर्षीय पुत्री रंजना, बदन सिंह की 16 वर्षीय पुत्री प्रीति, 14 वर्षीय राम गोपाल पुत्र रामपाल घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसवान पहुंचाया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद प्रीति, भगवती और रंजना की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वहीं घायलों के परिजनों का आरोप है कि पूरे दिन ट्रैक्टर-ट्रॉली मिट्टी का खनन करते रहते हैं जिन पर कोई भी रोक-टोक नहीं है, खुलेआम बहुत ही तेजी के साथ मिट्टी भरकर ट्रैक्टर-ट्रॉली दौड़ाई जाती है। कोतवाली पुलिस ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है, बाकी की तलाश की जा रही है।