सहसवान। थाना सहसवान क्षेत्र के मोहल्ला चौधरी निवासी एक महिला ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपा है। महिला ने पुलिस के दो सिपाहियों पर पैसे लेकर आरोपी को छोड़ने और उससे ही OTP व फोटो मांगने का आरोप लगाया है।

प्राप्त शिकायती पत्र के अनुसार, प्रार्थिनी नाजरीन पत्नी इकबाल ने बताया कि उसका पुत्र जीशान ई-रिक्शा चलाता है। महिला के मुताबिक मोहल्ले के ही तारिक पुत्र कल्लू पर उसके बेटे के 100 रुपये किराए के बकाया थे।

महिला ने लगाए ये आरोप –
महिला का आरोप है कि दिनांक 05.09.2026 की शाम करीब 10 बजे जब उसका पुत्र जीशान बकाया पैसे का तकादा करने आरोपी के घर गया, तो तारिक, शकील, तबरेज, मुगीश और आमिर पुत्रगण कल्लू ने उसे घर के अंदर खींच लिया। महिला के अनुसार आरोपियों ने उसके बेटे पर चाकू रख दिया, लाठी-डंडों से मारपीट की और गाली-गलौज की।

महिला का आरोप है, कि जब वह अपने बेटे को बचाने गई तो आरोपियों ने उसके साथ भी लात-घूंसों और थप्पड़ों से मारपीट की। महिला के मुताबिक मौके पर चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के यामीन पुत्र यासीन और अरहद पुत्र अतीक अहमद सहित अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया।

शिकायती पत्र में महिला ने थाना कोतवाली सहसवान पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि उसने घटना की तहरीर थाने में दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत करने के बाद पुलिस ने आरोपियों को थाने लाकर महज दो घंटे में ही पैसा लेकर छोड़ दिया।

महिला ने अपने पत्र में थाना सहसवान में तैनात सिपाही अलोक और लोकेंद्र का नाम लेते हुए आरोप लगाया है कि उक्त सिपाही उससे ही उल्टा OTP और फोटो मांग रहे हैं, जबकि आरोपी उसे रोजाना जान से मारने की धमकी दे रहा है।

महिला ने एसएसपी बदायूँ से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर उसके बेटे के बकाया पैसे दिलवाने और आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है।