
शिक्षक दिवस पर बरेली में उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान, अधिकारियों ने बढ़ाया उत्साह
बरेली, 5 सितंबर। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद की विभिन्न तहसीलों में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मेधावी एवं समर्पित शिक्षकों को सम्मानित किया गया। मंडलायुक्त, जिलाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने शिक्षकों को शाल, माला, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की।
मंडलायुक्त शम्भू कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने तहसील मीरगंज सभागार में प्राथमिक विद्यालय दियोसास के प्रशांत गुप्ता, प्राथमिक विद्यालय मीरगंज की सायमा अख्तर तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय आनंदपुर की ऋचा अग्रवाल को सम्मानित किया।
वहीं तहसील सदर में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने विकासखंड बिथरीचैनपुर के प्राथमिक विद्यालय कलारी के सहायक अध्यापक सोमवीर, प्राथमिक पाठशाला भरतौल के सहायक अध्यापक आनन्द कुमार, विकासखंड फतेहगंज पश्चिमी के प्राथमिक विद्यालय माधौपुर के सहायक अध्यापक मयंक शर्मा तथा विकासखंड क्यारा के प्राथमिक विद्यालय चनेहटी की सहायक अध्यापिका वैशाली माना को सम्मानित किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षकों की निष्ठा, समर्पण और निरंतर प्रयास विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं भविष्य निर्माण में निर्णायक योगदान देते हैं।
तहसील बहेड़ी में अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एसडीएम गोपाल शर्मा, तहसीलदार भानूप्रताप एवं खंड शिक्षा अधिकारी दमखोदा डॉ. जगदीश कुमार ने चार उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया। इनमें कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय नरकुंडा के मोहम्मद इसराइल, कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय देवरनियां के प्रभुनाथ प्रसाद, प्राथमिक विद्यालय टाह कासमपुर की आकांक्षा मिश्रा तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय लखा के सर्वेश कुमार शामिल रहे।

तहसील नवाबगंज में अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व संतोष कुमार सिंह ने उच्च प्राथमिक विद्यालय अधकटा नजराना के सहायक अध्यापक संजीव कुमार सिंह, उच्च प्राथमिक विद्यालय ग्रेम की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका ज्योति सक्सेना तथा प्राथमिक विद्यालय याकूपुर के सहायक अध्यापक अर्जुन सिंह को सम्मानित किया।
आंवला तहसील में एसडीएम सुशील कुमार मिश्र ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया। इनमें पूर्व माध्यमिक विद्यालय धर्मपुर की सरिता सागर, प्राथमिक विद्यालय धर्मपुर की सहायक अध्यापिका उर्वशी शर्मा, उच्च प्राथमिक विद्यालय रहटुइया की निधि श्रीवास्तव, प्राथमिक विद्यालय किला द्वितीय के प्रधानाध्यापक निर्भय सिंह चौहान, नगर क्षेत्र आंवला के शिक्षामित्र हेमंत कुमार तथा कम्पोजिट विद्यालय बरसेर सिकंदपुर के गौरव सिंह शामिल रहे।

इसी क्रम में तहसील फरीदपुर में एसडीएम विदुषी सिंह ने विकासखंड फरीदपुर एवं भूता के उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया। सम्मानित शिक्षकों में कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय विलहरा के नन्दन सिंह भण्डारी, कम्पोजिट विद्यालय रजनापुर के प्रधानाध्यापक मो. जियाउल हसन, प्राथमिक विद्यालय फैजनगर के प्रधानाध्यापक जयपाल कश्यप तथा प्राथमिक विद्यालय शिवपुरी के सहायक अध्यापक शशि भूषण पाठक शामिल रहे।

अधिकारियों ने कहा कि परिषदीय विद्यालय बच्चों की प्राथमिक शिक्षा की आधारशिला हैं। ऐसे शिक्षक, जो विद्यार्थियों के शैक्षिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं, वास्तव में समाज के गौरव हैं। शिक्षक दिवस पर मिले सम्मान से शिक्षकों का उत्साह बढ़ा और उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरणा मिली।