
चौराहे का होगा समग्र पुनर्विकास, यातायात व्यवस्था होगी सुव्यवस्थित; भगवान बुद्ध की भव्य प्रतिमा बनेगी नई पहचान..
बरेली। नाथ कॉरिडोर के अंतर्गत बरेली शहर के प्रमुख स्थलों के विकास, सौंदर्यीकरण, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने एक और महत्वपूर्ण प्रस्ताव तैयार किया है। इसके तहत महात्मा गांधी उद्यान के सामने स्थित गौतम बुद्ध पार्क के निकट चौराहे का समग्र पुनर्विकास कर इसे ‘गौतम बुद्ध चौक’ के रूप में विकसित करने की योजना है।
प्रस्तावित योजना के अनुसार चौराहे का पुनर्निर्माण कर यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम हो सके। इसके साथ ही यहां भगवान गौतम बुद्ध की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जिससे यह स्थान बरेली की एक नई पहचान के रूप में विकसित हो सकेगा।

गांधी उद्यान में बनेगी आकर्षक फोकस वॉल..
योजना के तहत महात्मा गांधी उद्यान परिसर में नाथ नगरी की आभा, सांस्कृतिक विरासत और नाथ कॉरिडोर की थीम को प्रदर्शित करने वाली आकर्षक फोकस वॉल भी विकसित की जाएगी। इससे गांधी उद्यान और आसपास के क्षेत्र को एक विशिष्ट एवं आकर्षक स्वरूप मिलने की उम्मीद है।
गौतम बुद्ध पार्क समिति ने किया प्रस्ताव का स्वागत..
प्रस्तावित योजना को लेकर गौतम बुद्ध पार्क समन्वय संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने बरेली विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सुश्री सौम्या पाण्डेय, आईएएस से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की।
समिति ने भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थापित करने, चौराहे के विकास तथा ‘गौतम बुद्ध चौक’ नामकरण के प्रस्ताव का स्वागत किया। समिति पदाधिकारियों ने इसे बौद्ध समाज की भावनाओं के अनुरूप सकारात्मक और स्वागत योग्य पहल बताया।
बैठक के दौरान समिति की ओर से पार्क के आगामी विकास को लेकर स्तूपाकार प्रवेश द्वार बनाने का सुझाव दिया गया। साथ ही गौतम बुद्ध मार्ग पर भगवान बुद्ध के धम्म उपदेशों को प्रदर्शित करने का सुझाव भी रखा गया। समिति ने प्रस्तावित विकास योजना पर अपनी सहमति व्यक्त करते हुए इसकी सराहना की।
‘नाथ नगरी की पहचान को मिलेगा नया स्वरूप’..
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय ने कहा कि नाथ कॉरिडोर बरेली की पहचान, आस्था, संस्कृति और विरासत को नई भव्यता एवं दिव्यता प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप बरेली का विकास समग्र दृष्टिकोण के साथ किया जा रहा है। यातायात, सौंदर्यीकरण, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन सुविधाओं को एक-दूसरे से जोड़कर शहर के विकास को नई दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध चौक का प्रस्ताव इसी व्यापक सोच का हिस्सा है। भगवान बुद्ध की भव्य प्रतिमा, चौराहे का सुव्यवस्थित विकास और गांधी उद्यान में प्रस्तावित फोकस वॉल मिलकर इस क्षेत्र को नाथ कॉरिडोर के अनुरूप आकर्षक एवं विशिष्ट स्वरूप प्रदान करेंगे। समिति की ओर से दिए गए सुझावों को भी विकास प्रक्रिया में उचित स्थान दिया जाएगा।

आयुक्त शंभू कुमार के संरक्षण में आगे बढ़ रहा नाथ कॉरिडोर
नाथ कॉरिडोर के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्य आयुक्त बरेली मंडल शंभू कुमार के संरक्षण एवं दिशा-निर्देशन में आगे बढ़ाए जा रहे हैं। इसके तहत शहर के प्रमुख स्थलों को बेहतर यातायात व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन सुविधाओं से जोड़ते हुए व्यापक विकास की योजना पर काम किया जा रहा है।
‘गौतम बुद्ध चौक’ के रूप में प्रस्तावित यह परियोजना पूरी होने के बाद गांधी उद्यान और आसपास के क्षेत्र को नई पहचान मिलने के साथ-साथ बरेली के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन मानचित्र पर एक और महत्वपूर्ण स्थल जुड़ने की उम्मीद है।