बदायूं।कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव निजामाबाद में रविवार रात चोरों ने कई निजी नलकूपों को निशाना बनाकर किसानों की नींद उड़ा दी। चोर नलकूपों से स्टार्टर, केविल, पाइप समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। सोमवार सुबह किसान जब अपने खेतों पर पहुंचे तो नलकूपों के ताले टूटे और सामान गायब मिला, जिसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।

ग्रामीणों के मुताबिक गांव निवासी ज्ञान चन्द्र शर्मा, सुनील शर्मा, दीपक शर्मा, शिवोम शर्मा, मुन्नालाल, रामकुमार, मोटेलाल, बिजनेस, और प्रेमपाल आदि के निजी नलकूपों में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। चोरों ने नलकूपों के स्टार्टर और केविल उखाड़ने के साथ ही पाइप सहित अन्य सामान भी पार कर दिया।

एक ही रात में कई नलकूपों में चोरी होने से ग्रामीणों में पुलिस की गश्त व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। किसानों का कहना है कि खेतों में स्थित नलकूप लंबे समय से चोरों के निशाने पर हैं, लेकिन इसके बावजूद रात के समय प्रभावी गश्त नहीं हो रही है। चोरी की घटनाओं से किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की चिंता भी सताने लगी है।

ग्रामीणों ने पुलिस से घटनाओं का जल्द खुलासा करते हुए चोरों की गिरफ्तारी और चोरी हुआ सामान बरामद कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि यदि पुलिस ने रात्रि गश्त बढ़ाकर नलकूप चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया तो आने वाले दिनों में वारदातें और बढ़ सकती हैं।