सहसवान- आज सोमवार को सहसवान तहसील में आयोजित तहसील दिवस में उप जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान कुल 22 शिकायतें दर्ज की गईं।
तहसील दिवस में जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के आने की उम्मीद में फरियादी भारी संख्या में पहुंचे थे। लोगों को उम्मीद थी कि उनके प्रकरण सीधे उच्च अधिकारियों के सामने रखे जाएंगे। लेकिन किसी कारणवश डीएम और एसएसपी के न पहुंच पाने से कई फरियादी निराश होकर वापस लौट गए।
उप जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी ने मंच संभालते हुए एक-एक कर शिकायतें सुनीं। राजस्व, पुलिस, विभाग और अन्य विभागों से जुड़े मामलों पर मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों को निस्तारण के लिए निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
तहसील प्रशासन के अनुसार आज 22 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकतर जमीन विवाद, पेंशन और राशन से जुड़ी थीं।
बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों का कहना था कि वे डीएम और एसएसपी से सीधे अपनी बात रखने आए थे। उनके न आने से उन्हें दोबारा चक्कर लगाने पड़ेंगे। अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई होगी।
तहसील दिवस में राजस्व, पुलिस, पंचायतीराज और अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।