सहसवान। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं को बड़ी सौगात दी। सरकार ने उनके लाभांश को 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है।

इस अवसर पर खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा आयोजित सम्मान एवं वितरण समारोह में ब्लॉक प्रमुख कीर्ति यादव, ब्लॉक प्रमुख पति सुभाष चंद्र गुप्ता और एसडीएम सहसवान व बीडीओ सतीश सैनी मुख्य रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों ने कार्यक्रम में उपस्थित विक्रेताओं को सरकार की नई योजनाओं की जानकारी भी दी।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ किया। इस नई डिजिटल व्यवस्था से अब राशन वितरण प्रणाली में विक्रेताओं की प्रतिक्रिया और समस्याएं सीधे शासन तक पहुंचेंगी। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और शिकायतों का त्वरित निस्तारण हो सकेगा।

कार्यक्रम में बोलते हुए ब्लॉक प्रमुख कीर्ति यादव ने कहा कि सरकार के इस फैसले से ग्रामीण क्षेत्र के राशन डीलरों को आर्थिक मजबूती मिलेगी। वहीं ब्लॉक प्रमुख पति सुभाष चंद्र गुप्ता ने विक्रेताओं से ई-पॉस प्रणाली का सही उपयोग करने और लोगों को समय से राशन उपलब्ध कराने की अपील की।

एसडीएम सहसवान ने कहा कि नई फीडबैक प्रणाली से जमीनी स्तर की समस्याएं सीधे अधिकारियों तक पहुंचेंगी, जिससे राशन वितरण और बेहतर होगा।

कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों उचित दर विक्रेता उपस्थित रहे।