
सावन के तीसरे सोमवार को नाथ मंदिरों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, बरेली में कांवड़ियों का भव्य स्वागत
बरेली। सावन के तीसरे सोमवार को बरेली में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भगवान शिव की भक्ति में डूबे कांवड़ियों और नाथ मंदिरों पर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। आसमान से बरसते फूलों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

सावन के पवित्र महीने में कांवड़ यात्रा और नाथ मंदिरों में जलाभिषेक को लेकर बरेली प्रशासन की ओर से इस वर्ष भी व्यापक और अभूतपूर्व व्यवस्थाएं की गईं। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी प्रशासन ने कांवड़ियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम यात्रा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं के स्वागत और सेवा के लिए विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाए गए।

तीसरे सोमवार को कांवड़ियों के जत्थे जब बरेली के प्रमुख नाथ मंदिरों की ओर बढ़ रहे थे, उसी दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों और मंदिरों पर फूलों की बारिश होते ही श्रद्धालुओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

इस दौरान आईजी बरेली रेंज अजय कुमार साहनी, मंडलायुक्त शंभू कुमार, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, एसएसपी अनुराग आर्य, पुलिस अधीक्षक नगर मानुस पारीक,पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अंशिका वर्मा, सीडीओ देवयानी, Asp शिवम आशुतोष तथा अन्य वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर लगातार निगरानी रखी।
प्रशासन की ओर से कांवड़ मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था, निगरानी के लिए सीसीटीवी और ड्रोन का इस्तेमाल तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई। कांवड़ियों के लिए रास्ते में विश्राम, पेयजल, चिकित्सा और भंडारे जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

बरेली में सावन के दौरान कांवड़ यात्रा और नाथ मंदिरों में जलाभिषेक को लेकर प्रशासन पहले से ही पूरी तरह मुस्तैद रहा। अधिकारियों ने कांवड़ मार्गों का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के चलते यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।

हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। जैसे ही आसमान से फूलों की बारिश शुरू हुई, कांवड़ियों ने जयकारों के साथ इसका स्वागत किया। नाथ मंदिरों की ओर बढ़ते कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के बीच इस दौरान खासा उत्साह दिखाई दिया।
प्रशासन का कहना है कि सावन के पूरे महीने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार जारी रहेंगी। अधिकारियों ने कांवड़ियों से भी अपील की कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें, यातायात नियमों का ध्यान रखें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अपनी यात्रा पूरी करें।