सहसवान कोतवाली क्षेत्र के भवानीपुर खल्ली गांव में पिछले काफी समय से अवैध खनन का कारोबार फल-फूल रहा है। आरोप है कि खनन माफिया जेसीबी मशीनों के जरिए दिन-रात खन कर रहे हैं और प्रशासन की आंखों में धूल झोंक रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बड़े अवैध कारोबार के पीछे किसका संरक्षण है, यह किसी से छिपा नहीं है। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या हल्के पर तैनात सिपाहियों को इसकी जानकारी नहीं है, या जानकारी होने के बावजूद इसे थाना प्रभारी तक नहीं पहुंचाया जा रहा।
वहीं दूसरी ओर सहसवान कोतवाली के थाना प्रभारी ने साफ तौर पर कहा है कि “किसी भी हाल में खनन माफियाओं और भूमाफियाओं को बक्सा नहीं जाएगा। क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है।” थाना प्रभारी के इस सख्त रुख के बाद पुलिस टीम को अलर्ट मोड में रखा गया है और अवैध खन में लिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
थाना प्रभारी ने कहा कि यदि किसी भी पुलिसकर्मी की मिलीभगत पाई गई तो उसके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि अवैध खन की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि प्राकृतिक संसाधनों की लूट पर रोक लगाई जा सके।
गौरतलब है कि यूपी के कई जिलों में प्रशासन अवैध खनन के खिलाफ अभियान चला रहा है।सहसवान में भी अगर इसी तरह की कार्रवाई हुई तो माफियाओं के हौसले पस्त हो सकते हैं।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि थाना प्रभारी के सख्त निर्देशों के बाद भवानीपुर खल्ली में चल रहा अवैध खनन जल्द बंद होगा और दोषियों पर कार्रवाई होगी। खनन की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।