भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने रंगे हाथों पकड़ा, मुकदमा दर्ज
सहसवान-। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली मंडल की टीम ने बृहस्पतिवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने ट्यूबवेल के लिए ट्रांसफार्मर लगवाने के नाम पर 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए 33/11 केवी बिजली घर जरीफनगर में तैनात 2 कर्मचारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
प्रभारी निरीक्षक ईशरत अली बरसी ने बताया कि मोहम्मदपुर, कुढाई थाना जरीफनगर निवासी सर्वेश कुमार पुत्र राजेन्द्र सिंह ने संगठन को शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया था कि उनके खेत पर ट्यूबवेल के लिए दूसरा ट्रांसफार्मर लगवाने के एवज में बिजली घर जरीफनगर में तैनात टीजी-2 हरदेव राम और संविदा लाइनमैन मानक चन्द्र 12 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं।
शिकायत की जांच के बाद टीम ने सत्यापन कराया और बृहस्पतिवार दोपहर 3 बजे जरीफनगर बिजली घर पर जाल बिछाया। रिश्वत की रकम लेते ही दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरदेव राम पुत्र स्व0 नुन्नालाल निवासी जीवावर, थाना मारोठ, जिला नागौर, राजस्थान और मानक चन्द्र पुत्र स्वराज सिंह यादव निवासी आरिफपुर भकता नगला, थाना जरीफनगर, बदायूँ के रूप में हुई है।
टीम ने मौके से 12 हजार रुपये की रिश्वत की रकम भी बरामद की। दोनों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में कोतवाली सहसवान में मुकदमा पंजीकृत कराया गया है।