स्कॉर्पियो की टक्कर से गाय की मौत, डॉक्टर से हाथापाई के मामले में चार गिरफ्तार
बदायूं। अलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिचपुरी में म्याऊं-उसावां मार्ग पर मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे स्कॉर्पियो की टक्कर से एक गाय घायल हो गई। सूचना मिलने पर अलापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल गाय का पशु चिकित्सक से प्राथमिक उपचार कराया गया। उपचार के दौरान गाय की मौत हो गई, जिसके बाद उसे सम्मानपूर्वक दफना दिया गया।
पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो चालक डॉ. राहुल सिद्धार्थ, जो सीएचसी उसावां में तैनात हैं, के शराब के नशे में होने की आशंका जताई गई थी। पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें एल्कोहल नहीं पाया गया।
इधर, घटना के बाद डॉक्टर के साथ हाथापाई करने के आरोप में पुलिस ने बिचपुरी निवासी शेखर पुत्र राजकुमार, धर्मेन्द्र उर्फ नेत्रपाल पुत्र सोवरन, धर्मेन्द्र पुत्र रामनिवास और धर्मपाल पुत्र डालचंद्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चारों के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की है।