बदायूँ। प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है। इसी क्रम में बदायूँ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता द्वारा विभिन्न सड़कों का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी गई।
विधायक महेश गुप्ता ने ग्राम बरी समसपुर से खासपुर बाया गौटिया तक मंडी परिषद द्वारा निर्मित 1.67 किलोमीटर लंबी सड़क (लगभग 57 लाख रुपये) का उद्घाटन किया। इसके साथ ही ग्राम रोटा में मुकेश प्रधान के यहां से राजवीर के घर तक विधायक निधि से लगभग 8 लाख रुपये की लागत से बनी सीसी रोड एवं ग्राम बनई में ग्राम निधि से निर्मित लगभग 10 लाख रुपये की विभिन्न सीसी सड़कों का भी लोकार्पण किया।

गौरतलब है कि ये सड़कें लंबे समय से जर्जर स्थिति में थीं। विशेष रूप से बरसात के दिनों में इन मार्गों पर जलभराव हो जाता था, जिससे आमजन को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। स्कूली बच्चों, किसानों एवं व्यापारियों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती थी। जनसंपर्क के दौरान क्षेत्रवासियों ने विधायक से इन सड़कों के निर्माण की मांग की थी।
विधायक गुप्ता ने जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर इन कार्यों को स्वीकृति दिलाई और आज इनका लोकार्पण कर वर्षों पुरानी समस्या का समाधान कर दिया। सड़क निर्माण से अब न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक गुप्ता ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गांव-गांव में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प के साथ सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्या का आज स्थायी समाधान हुआ है। लोगों ने विधायक को धन्यवाद देते हुए उनके विकास कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर प्रधान अनुज सिंह, मंडल अध्यक्ष सनोज सिंह, राघव सिंह चौहान, नौरंग पाल, पूर्व जिला उपाध्यक्ष सोबरन सिंह राजपूत, दीपिन वार्ष्णेय, धीरेंद्र राजपूत, सोनपाल राजपूत, मुन्नालाल वर्मा, प्रधान जमशेद, मुनेंद्र सिंह, शिव सिंह राजपूत, चन्द्रपाल वर्मा, मुंशीलाल राजपूत, सुरजीत शाक्य, प्रधान सगीर, सालिम कोटेदार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।