
बरेली। छावनी परिषद, बरेली के रवीन्द्र नाथ टैगोर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को भारत के महान साहित्यकार एवं नोबेल पुरस्कार विजेता गुरुदेव रवीन्द्र नाथ टैगोर की प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में स्थापित अत्याधुनिक एस्ट्रोनॉमी लैब का भी उद्घाटन किया गया, जिससे विद्यार्थियों को खगोल विज्ञान की आधुनिक एवं व्यावहारिक शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।
गुरुदेव की प्रतिमा का अनावरण महानिदेशक रक्षा संपदा, नई दिल्ली शोभा गुप्ता तथा प्रधान निदेशक रक्षा संपदा, मध्य कमान लखनऊ भावना सिंह ने संयुक्त रूप से किया। अधिकारियों ने कहा कि एस्ट्रोनॉमी लैब विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान की भावना को प्रोत्साहित करेगी तथा उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में नई संभावनाओं से जोड़ने का कार्य करेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दोनों अधिकारियों ने छावनी परिषद, बरेली की मुख्य अधिशासी अधिकारी डॉ. तनु जैन के नेतृत्व में शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल नवाचार और जनहित से जुड़े विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि छावनी परिषद बरेली द्वारा किए जा रहे नवाचार अन्य छावनी परिषदों के लिए भी प्रेरणादायी हैं।

इस अवसर पर रक्षा संपदा, मध्य कमान के निदेशक पुष्पेन्द्र एवं महेश चन्द्र सैनी, छावनी परिषद के नामित सदस्य डॉ. वैभव जायसवाल, विद्यालय परिवार, परिषद के अधिकारी-कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।