विरोध पर पत्नी-बच्चों को पीटा, घर से निकाला: 10 दिन बाद भी नहीं मिला न्याय, IGRS पर झूठी आख्या लगाने का आरोप
बिनावर थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला पिंकी मौर्या ने अपने पति प्रमोद कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि पति तीन बच्चों की मां प्रेमिका को घर ले आया और विरोध करने पर मारपीट कर उसे व उसके दो बच्चों को घर से बाहर निकाल दिया।
पिंकी मौर्या ने SSP बदायूं को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी 20 जून 2005 को गांव के ही प्रमोद कुमार से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। उनके दो बेटे हैं। पिछले कुछ सालों से पति के संबंध एक अन्य महिला से हैं, जो खुद तीन बच्चों की मां है।
पीड़िता के मुताबिक 2 जुलाई को दोपहर करीब 3 बजे पति ने बिना तलाक दिए उसे और बच्चों को घर से निकाल दिया। जब वह अपने भाई और बेटों के साथ घर लौटी, तो पति और उस महिला ने मिलकर उसके और बच्चों के साथ मारपीट की। आरोपी महिला ने जान से मारने की धमकी भी दी।
पिंकी का आरोप है कि मौके पर 112 नंबर पर कॉल की। पुलिस आई भी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई किए बिना लौट गई। अब वह बच्चों के साथ दर-दर भटकने को मजबूर है।
शिकायत देने के 10 दिन बीत जाने के बाद भी बिनावर कोतवाली से पीड़िता को न्याय नहीं मिला। आरोप है कि IGRS पोर्टल पर भी झूठी आख्या लगाकर वरिष्ठ अधिकारियों को गुमराह किया जाता है। आए दिन चर्चाओं में रहने वाली बिनावर कोतवाली में फरियादियों की सुनवाई नहीं हो रही।
पिंकी ने कल मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर मांग की है कि आरोपी महिला और पति पर घरेलू हिंसा व मारपीट की धाराओं में केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उसे बच्चों सहित घर में सुरक्षित रहने की व्यवस्था कराई जाए। पीड़िता न्याय के लिए उच्च अधिकारियों के चक्कर लगा रही है अब देखना यह है कि आखिर पीड़िता को कब तक न्याय मिलता है।
–