जरीफनगर (सलावतपुर) थाना जरीफनगर क्षेत्र के गांव सलावतपुर में सोमवार को 35 वर्षीय विवाहिता का शव गांव के बाहर नीम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान देववती पत्नी धर्मेंद्र के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के मुताबिक देववती की शादी करीब 19 साल पहले धर्मेंद्र से हुई थी। दंपती की कोई संतान नहीं थी। मायके वालों का आरोप है कि संतान न होने को लेकर ससुराल वाले देववती को लगातार ताने देते थे और प्रताड़ित करते थे।

सोमवार को देववती का शव गांव के बाहर नीम के पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। बेटी की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना पर जरीफनगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो पाएंगे।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं।