निर्जला एकादशी पर दान करने से मिलता है महापुण्य: पंडित सुधीर मिश्रा
बदायूं । सर्राफा बाजार स्थित ऐतिहासिक 84 घंटा हनुमान मंदिर पर धार्मिक और सेवा भाव का अनूठा संगम देखने को मिला। ज्येष्ठ मास की शुक्ल पक्ष की पवित्र निर्जला निर्जला एकादशी के अवसर पर भीषण गर्मी और तेज धूप से व्याकुल राहगीरों व पथिकों को राहत पहुंचाने के लिए मंदिर परिसर की ओर से शीतल शरबत का वितरण किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः काल 9:00 बजे मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित सुधीर मिश्रा द्वारा जगत के पालनहार भगवान श्री नारायण हरि विष्णु की विधि-विधान से आरती उतारकर की गई। भगवान को बेसन के लड्डू और शीतल शरबत का भोग लगाने के बाद राहगीरों के लिए शरबत वितरण सेवा शुरू की गई। ठंडे और मीठे शरबत से राहगीरों को इस भीषण तपन में बड़ी राहत मिली।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पंडित सुधीर मिश्रा ने कहा कि सनातन धर्म में निर्जला एकादशी का विशेष महत्व है। इस दिन व्रत रखकर छाता, घड़ा, शीतल जल और शरबत का दान करने वाले श्रद्धालु महापुण्य के भागीदार बनते हैं। ऐसा करने से भगवान विष्णु की विशेष कृपा और आशीर्वाद प्राप्त होता है।

शरबत वितरण की व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने में मुख्य रूप से साहिल मिश्रा, अनमोल शर्मा, अंकित वर्मा, राहुल गुप्ता, प्रिंस वर्मा और अमन पंडित का विशेष योगदान रहा।
इस धार्मिक आयोजन के दौरान प्रदीप पटवा, राजकुमार सिंह सेंगर, कन्हैया मिश्रा, वंश मिश्रा, शिवम देवल, अमन मौर्य, ध्रुव देवल सहित भारी संख्या में स्थानीय भक्तगण और श्रद्धालु उपस्थित रहे।