सहसवान, बदायूं: प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह की सतर्कता से सहसवान कोतवाली पुलिस ने मदरसे से भटके एक बच्चे को सुरक्षित कोतवाली पहुंचाया।

ग्राम बुलेट, थाना उझानी निवासी रोहित पुत्र अबरार, अकबराबाद स्थित मदरसा अलवर मदीना में पढ़ता था। बच्चा मदरसे में पढ़ना नहीं चाहता था। मदरसा संचालक की लापरवाही के चलते वह मदरसा छोड़कर पैदल ही घर के लिए निकल पड़ा।

रास्ते में एक राहगीर ने बच्चे को रोते हुए देखा। वह उसे डीपी महाविद्यालय, के पास एक सुरक्षित स्थान पर ले गए। वहां मौजूद मीडिया कर्मियों ने बच्चे को खाना-पीना कराया और तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने तुरंत पुलिस फोर्स भेजकर बच्चे को कोतवाली पहुंचवाया। कोतवाली में बच्चे को पूरी देखभाल दी गई। बच्चे से स्नेहपूर्वक बात की गई और परिवार को सूचित किया गया।

बच्चा काफी डरा-सहमा था और मदरसे वापस जाने को तैयार नहीं था। पुलिस के अनुसार परिवार के लोग बच्चे को लेने के लिए आ रहे हैं।

इस घटना ने मदरसे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। अगर समय पर राहगीर और पुलिस मदद न करते तो कोई अप्रिय घटना हो सकती थी। प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई से बच्चा सुरक्षित अपने परिवार के पास पहुंच सकेगा।