जरीफनगर। थाना जरीफनगर क्षेत्र के गांव वस्तूईया में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत पर पशुओं के लिए चारा काटते समय 53 वर्षीय किसान सर्वेश की कुट्टी मशीन में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वस्तूईया निवासी सर्वेश पुत्र प्रभु रोज की तरह अपने खेत पर पशुओं का चारा काटने के लिए कुट्टी मशीन चला रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे मशीन की चपेट में आ गए। तेज ब्लेड की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची थाना जरीफनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हादसा प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। सर्वेश की मौत से गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।