बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण की महादेवपुरम आवासीय योजना के लिए भूमि क्रय प्रक्रिया के तहत गुरुवार को किसानों को सर्किल रेट के चार गुना की दर से मुआवजे की धनराशि के चेक वितरित किए गए। उपाध्यक्ष महोदया द्वारा किसानों को प्रतिकर राशि के चेक सौंपे गए।


मुख्यमंत्री के विकासोन्मुखी दृष्टिकोण एवं शासन के मार्गदर्शन में दिल्ली-लखनऊ बड़ा बाईपास और बरेली-पीलीभीत राजमार्ग से सटी महादेवपुरम आवासीय योजना को विकसित किया जा रहा है। इस योजना के लिए प्राधिकरण द्वारा किसानों से आपसी सहमति के आधार पर भूमि क्रय की जा रही है।


चेक वितरण कार्यक्रम में ग्राम आसपुर खूबचंद्र के श्री अशोक कुमार सक्सेना आदि की भूमि के लिए 1 करोड़ 1 लाख 55 हजार 420 रुपये, ग्राम अहिलादपुर के श्री नत्थू लाल की भूमि के लिए 21 लाख 60 हजार रुपये, श्री हरीश कुमार की भूमि के लिए 1 करोड़ 85 लाख 92 हजार 906 रुपये तथा ग्राम कुम्हरा के श्री महेंद्र पाल सिंह आदि की भूमि के लिए 2 करोड़ 63 लाख 1 हजार 982 रुपये की प्रतिकर राशि का भुगतान किया गया।


महादेवपुरम आवासीय योजना बरेली विकास प्राधिकरण की बड़ी योजनाओं में शामिल है। यह योजना ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के पूर्व दिशा में स्थित है और दिल्ली-लखनऊ बड़ा बाईपास व बरेली-पीलीभीत हाईवे से जुड़ी है।


योजना में 45 मीटर और 30 मीटर चौड़ी जोनल रोड, 18 मीटर तक चौड़ी आंतरिक सड़कें, भूमिगत बिजली लाइनें, 132 केवी विद्युत उपकेंद्र, एम्यूजमेंट पार्क, कम्युनिटी सेंटर सहित आधुनिक सुविधाओं का प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा योजना में आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों के साथ होटल, अस्पताल, शैक्षिक संस्थान, साइबर सिटी और मल्टीप्लेक्स जैसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है। लोगों को बेहतर वातावरण देने के लिए विशाल सेंट्रल पार्क और नेबरहुड पार्क भी प्रस्तावित हैं।


प्राधिकरण के अनुसार महादेवपुरम आवासीय योजना बरेली में आवास और व्यवसाय के लिए नया आकर्षण केंद्र बनेगी। योजना के विकास से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। साथ ही आसपास के गांवों में भी विकास कार्य कराए जाएंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्र भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकें।

You missed