बरेली। जनपद में चल रहे हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सर्वे (HLB) कार्य में तेजी देखने को मिल रही है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में सर्वे कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।
उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 10,662 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) निर्धारित किए गए हैं। इनमें तहसीलों तथा नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में 8,216 HLB तथा नगर निगम क्षेत्र में 2,446 HLB शामिल हैं। इनमें से 97.13 प्रतिशत HLB में सर्वे कार्य प्रारम्भ हो चुका है, जबकि शेष बचे हुए क्षेत्रों में भी 31 मई तक कार्य शुरू करा दिया जाएगा।


अपर जिलाधिकारी ने बताया कि अब तक 453 HLB में प्रगणकों द्वारा सर्वे कार्य पूरी तरह संपन्न कर लिया गया है। प्रशासन की ओर से लगातार समीक्षा कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक ब्लॉक में सर्वे कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा हो।
इस अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत रिठौरा ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। यहां सुपरवाइजर गंगाराम के नेतृत्व में कार्यरत छह प्रगणकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में शत-प्रतिशत सर्वे कार्य पूरा कर लिया। प्रगणक सुमन, राजेश कुमार, हिमानी भास्कर, सीमा यादव, स्वतंत्र गंगवार तथा सीमा रानी ने निर्धारित लक्ष्य को समय से पूरा कर प्रशासन की सराहना प्राप्त की।
रिठौरा नगर पंचायत की इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी बरेली तथा अपर जिलाधिकारी (वि/रा) संतोष कुमार सिंह ने सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजर को बधाई दी। अधिकारियों ने उनके उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और मेहनत की प्रशंसा करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया तथा पुरस्कृत भी किया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि जनगणना से जुड़े इस महत्वपूर्ण कार्य में लगे सभी कर्मचारियों को इसी प्रकार जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ कार्य करना चाहिए, ताकि जनपद बरेली में हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग सर्वे का कार्य समय से पूर्ण हो सके। प्रशासन द्वारा नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा की जा रही है और बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
जनपद प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी HLB में सर्वे कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कर लिया जाए, जिससे आगामी जनगणना प्रक्रिया के लिए सटीक एवं अद्यतन आंकड़े उपलब्ध हो सकें।