सहसवान (बदायूं)। तहसील क्षेत्र के ग्राम ईसापुर नवादा में भूमि अभिलेखों में कथित गड़बड़ी को लेकर ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी सहसवान को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि गाटा संख्या 301 में वर्ष 2024-25 में हुए बैनामों के बाद खारिज दाखिल प्रक्रिया में सहखातेदारों के नाम दर्ज थे, लेकिन बाद में राजस्व अभिलेखों में संशोधन कर नया गाटा संख्या 303/1 बना दिया गया।ग्रामीणों का आरोप है कि इस प्रक्रिया में तहसील कर्मियों एवं राजस्व निरीक्षक रियाजुद्दीन की भूमिका संदिग्ध रही। शिकायतकर्ताओं के अनुसार गाटा संख्या 301 के सभी खातेदारों के नाम हटाकर उन्हें नए गाटा संख्या 303/1 में दर्ज कर दिया गया।ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि 25 मार्च 2025 को किए गए बैनामे में शामिल नामों को निरस्त कर दिया गया, जबकि ऐसा करना उपजिलाधिकारी के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता।पीड़ितों ने SDM से मांग की है कि पुराने बैनामे बहाल कर सभी सहखातेदारों के नाम पुनः दर्ज किए जाएं तथा कथित फर्जीवाड़े में शामिल कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ धारा 420 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाए।ज्ञापन पर रूबी पुत्री शकील, मोहित माहेश्वरी, प्रभात कुमार शर्मा एवं दिनेश कुमार के हस्ताक्षर दर्ज हैं।