सहसवान। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, जिला सहसवान के तत्वावधान में आज नगर में ‘बाल कुंभ’ का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी के बच्चों को भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय मूल्यों और अच्छे संस्कारों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पधारे आदरणीय विनोद जी भाई साहब (सह प्रांत प्रचारक) ने उपस्थित बच्चों को संबोधित किया। अपने ओजस्वी उद्बोधन में उन्होंने कहा कि “आज के बच्चे ही कल का भविष्य हैं। अतः उनमें कम उम्र से ही राष्ट्र-प्रेम, सेवा भाव और अनुशासन के बीज बोना समाज के हर नागरिक का कर्तव्य है।”

उन्होंने बच्चों को खेलकूद के साथ-साथ शिक्षा और चरित्र निर्माण पर ध्यान देने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अपनी विभिन्न कलाओं और कौशलों का प्रदर्शन किया, पन्नालाल इंटर कॉलेज , आदर्श बाल निकेतन विद्यालय, बाल विकास पब्लिक स्कूल, आर.के. एम एकेडमी, प्रगति विद्यालय व अन्य विद्यालयों ने सहभाग किया । जिसे देखकर उपस्थित जनसमुदाय अभिभूत हो गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर प्रचारक शरद अत्री, नगर कार्यवाह गोपाल , नगर बौद्धिक प्रमुख नरेंद्र , सह नगर कार्यवाह नितिन , डॉ नवीन यादव जिला विद्यार्थी प्रमुख ,अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र वंदना और अनुशासित व्यवस्था के साथ हुआ।