बदायूं। लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित ओपन उत्तर प्रदेश राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप में बदायूं के खिलाड़ियों ने अपने हैरतअंगेज प्रदर्शन से जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन कर दिया है। 16 से 18 अप्रैल तक चली इस प्रतियोगिता में बदायूं की टीम ने कुल 14 पदक अपनी झोली में डाले, जिनमें 8 स्वर्ण, 3 रजत और 3 कांस्य पदक शामिल हैं।
जिला ताइक्वांडो संघ, बदायूं के अध्यक्ष मेंहदीरत्ता ने बताया कि सब-जूनियर, कैडेट, जूनियर और सीनियर वर्गों में हुई फाइट एवं पूमसे स्पर्धाओं में जिले के खिलाड़ियों ने तकनीकी कौशल और अनुशासन का लोहा मनवाया। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अजय पाल सिंह ने सीनियर टीम पूमसे स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की और साथी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
स्वर्ण पदकों की लगी झड़ी
प्रतियोगिता में उर्वा खान, पूर्णिमा गुप्ता, देविका त्रिपाठी, नैना सारस्वत, यश सारस्वत, दर्श सारस्वत और हर्ष पटेल ने शानदार खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक जीते। वहीं, अलिशबा फातमा, अक्षरा त्रिपाठी और प्रणव सारस्वत ने रजत पदक पर कब्जा जमाया। निपुन वैश्य, रमन राठौर और वंशिका राज ने जिले के लिए कांस्य पदक जीते।
अब नेशनल में दिखाएंगे दम
इस राज्य स्तरीय सफलता के आधार पर चयनित खिलाड़ी अब 15 से 17 मई तक तेलंगाना के जोगुलांबा गडवाल जिले में आयोजित होने वाली ’16वीं ओपन राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता’ में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिले में खुशी की लहर
खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक जीत पर गिरधारी सिंह राठौर, मुकेश सारस्वत, उपाध्यक्ष नीरज शर्मा, ईशान मेंदीरत्ता और उपाध्यक्ष अक्षज रस्तोगी सहित खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त किया है। पदाधिकारियों ने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और जिले में ताइक्वांडो के उभरते स्तर का प्रमाण है।