क्रिश्चियन समाज द्वारा पाम संडे के दिन बदायूं शहर की खुशहाली व तरक्की की प्रार्थना की गई।
रविवार को विश्व भर में पाम संडे का पर्व बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है । बदायूं में भी क्रिश्चियन समाज द्वारा जिला अधीक्षक श्रद्धेय सचिन रॉबिंसन की अध्यक्षता में अमन चैन की प्रार्थना करते हुए बदायूं शहर की सुख समृद्धि की कामना की गई। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता बड़े भक्ति भाव से कार्यक्रम के उद्घाटन के लिए सेंट्रल मेथोडिस्ट चर्च इंदिरा चौक, बदायूं प्रातः 6:30 बजे उपस्थित हुए। श्रद्धेय सचिन रॉबिंसन द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया तथा श्रद्धेय पास्टर रजनीश श्रीमती शोभा फ्रांसिस तथा डॉ सोलोमन द्वारा पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया । तत्पश्चात जिला अधीक्षक द्वारा प्रारंभिक प्रार्थना की गई तथा पाम संडे के बारे में लोगों को बताया गया कि आज गुड फ्राइडे के पहले का रविवार है। 18 फरवरी से शुरू हुए उपवास और प्रार्थना के आज 40 दिन पूरे हो चुके हैं तथा कलीसिया पवित्र सप्ताह में प्रवेश करती है। इस सप्ताह में अधिकतर समय प्रार्थना में बिताया जाएगा तथा गुड फ्राइडे की तैयारी की जायेगी । हम उस परंपरा को याद करते हुए कि जब प्रभु यीशु ने अपनी मृत्यु से पहले यरुशलम में प्रवेश किया था तो वहां के लोगों ने उनके स्वागत में सड़कों पर अपने कपड़े बिछाए। खजूर की डालियां हाथों में लिए हुए होसाना के नारे लगाए । उस घटना को स्मरण करते हुए हम सभी लोग भक्ति भाव से यहां पर एकत्रित हुए हैं। मुख्य अतिथि सदर विधायक द्वारा शुभकामनाएं देकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया तथा कार्यक्रम की सफलता की कामना की। प्रभात फेरी का दृश्य अति मनमोहक, बड़े ही अनुशासित और शांत पूर्ण तरीके से धर्मगुरु श्रद्धेय सचिन रॉबिंसन, श्रद्धेय रजनीश, श्रद्धेय अशोक, श्रद्धेय अभिषेक, श्रद्धेय बोबिन तथा अन्य श्रद्धालुओं द्वारा हुआ । प्रभात फेरी के गीत, भजन, प्रार्थनाएं इतनी आकर्षित थी कि लोग अपने घरों से निकलकर प्रभात फेरी का आनंद ले रहे थे । श्रद्धालुओं द्वारा धर्म गुरुओं के सम्मान में सड़क पर पुष्प वितरण का दृश्य अति मनमोहक था। प्रभात फेरी का समापन श्रद्धा पूर्वक मिशन इंग्लिश स्कूल परिसर में किया गया जहां पर धर्मगुरुओं द्वारा आशीष की प्रार्थना अर्पित की गई तथा नगर वासियों के अच्छे स्वास्थ्य तरक्की तथा अमन चैन की प्रार्थना की गई ।उसके बाद भक्तिपूर्वक सभी श्रद्धालुओं द्वारा गिरजाघर में प्रार्थनाए की गई। आने वाले 5 दिनों में मौन रहते हुए तथा अधिक से अधिक समय प्रार्थना में बिताते हुए गुड फ्राइडे की तैयारी की जाएगी। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती शोभा फ्रांसिस द्वारा बड़ी कुशलता के साथ किया गया।