सहसवान (बदायूँ): वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सहसवान पुलिस ने जेब तराशी करने वाले एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए रुपयों में से 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार, वादी वकील उद्दीन पुत्र सिराज उद्दीन निवासी मोहल्ला शाहबाजपुर ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि 26 मार्च की दोपहर करीब 2:30 बजे वह अपनी पुत्री के साथ डाकखाना गली स्थित ‘शाहिद फाइव स्टार’ की दुकान पर घरेलू सामान खरीद रहे थे। इसी दौरान किसी ने उनकी जेब से 30,000 रुपये पार कर दिए। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध व्यक्ति उनकी जेब से रुपये निकालता हुआ स्पष्ट दिखाई दिया, जिसकी पहचान फैजान पुत्र कैसर अली के रूप में हुई।
थाना प्रभारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित की। शुक्रवार (27 मार्च) को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बिसौली रोड से नाधा रोड की ओर जाने वाले कच्चे चकरोड पर नीम के पेड़ के पास से घेराबंदी कर फैजान को धर दबोचा। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 10,000 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसने कुल 30,000 रुपये चुराए थे। उसने बताया कि चोरी के 20,000 रुपये घबराहट में कहीं गिर गए, जबकि शेष 10,000 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए।
पुलिस ने आरोपी फैजान निवासी मोहल्ला दहलीज, कस्बा सहसवान के विरुद्ध बीएनएस की धारा 303(2) और 317(2) के तहत मामला पंजीकृत कर उसे जेल भेज दिया।