बदायूं। जिला पूर्ति विभाग ने गैस की कालाबाजारी की रोकने के लिए कड़ा रुख अपनाते हुए शनिवार को ताबड़तोड़ छापेमारी की है। जिले में अवैध घरेलू सिलेंडर होटलों और ढाबों पर अवैध रूप से इस्तेमाल तो नहीं किए जा रहे हैं। जिला पूर्ति अधिकारी सतीश कुमार मिश्रा ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों के दृष्टिगत उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडरों की सुचारू रूप से आपूर्ति कराये जाने के उददेश्य से जनपद में स्थित विभिन्न गैस एजेंसियों पर टीम के द्वारा अभियान चला कर चेकिंग की जा रही है।
तहसील बिसौली स्थित मैं ओलंपिक गैस एजेंसी व राधा-माधव गैस एजेंसी, वजीरगंज देहात एवं जय शिव गैस एजेंसी नगर क्षेत्र वजीरगंज पर अचानक छापेमारी की गयी। गैस गोदाम पर उपस्थित उपभोक्ताओं से पूछताछ की गयी। उपरोक्त गैस एजेंसियों पर ईकेवाईसी एवं बुकिंग से संबंधित समस्याओं के निराकरण हेतु अलग से काउंटर बनाये गये है। उपभोक्ताओं द्वारा बुकिंग के दो दिन उपरान्त गैस सिलेंडर प्राप्त होने के संबंध में अवगत कराया गया।

छापेमारी के दौरान रेस्टोरेंट में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किया जाना नहीं पाया गया। संबंधित प्रतिष्ठान मालिक को निर्देशित किया गया कि किसी भी दशा में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग न करें तथा प्रतिदिन कामर्शियल सिलेंडरों की आवश्यकता के संबंध में अवगत कराये ताकि तदनुसार सम्बन्धित तेल कंपनी से समन्वय स्थापित कर कामर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराये जा सकें।टीम में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी रजनीश उपाध्याय, पूर्ति निरीक्षक दिनेश यादव पुलिस बल मौजूद रहा।