बचाने गए भाइयों से भी मारपीट, पीड़ित मां ने थाने में दी तहरीर

सहसवान, बदायूँ। थाना सहसवान क्षेत्र के ग्राम जौनेरा की एक महिला ने अपनी बेटी के ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और मारपीट का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पीड़िता की मां ने बेटी की जान को खतरा बताया है।

प्रार्थिनी नियाजबानो पत्नी भूरे निवासी जौनेरा के अनुसार, उन्होंने अपनी बेटी आसमा की शादी 9 साल पहले ग्राम बाजपुर निवासी मिस्टर पुत्र दिलशाद खां के साथ की थी। दंपति के दो बच्चे भी हैं।

आरोप है कि पति शराब पीने का आदी है। शराब के नशे में वह आसमा के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता है। विरोध करने पर ससुर दिलशाद खां, जेठ नाजिम, देवर चांद बाबू, और चांद बाबू का साला हसन मोहम्मद निवासी कुर्बानपुर भी एक राय होकर मारपीट करते हैं।

तहरीर में पीड़िता ने ससुराल वालों पर बुरी नीयत रखने और गला दबाकर जान से मारने के प्रयास का भी आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि मायके वालों के समझाने के बाद भी ससुराल वाले अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं।

घटना 8 जुलाई दोपहर 2 बजे की है। आसमा से मारपीट की सूचना पर उसके भाई आकिब, आसिब और वासिद उसकी ससुराल बाजपुर पहुंचे। आरोप है कि ससुराल वालों ने बीच-बचाव कर रहे भाइयों को भी घेर लिया और लात-घूंसों व डंडों से पीटा, जिससे उन्हें जगह-जगह चोटें आई हैं।

पीड़ित मां ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और बेटी को मायके भिजवाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हुई है, मामले की जांच की जा रही है।