
बरेली को औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम, इंडिया फूड एक्सपो-2026 में औद्योगिक टाउनशिप का प्रभावी प्रस्तुतीकरण
बरेली को एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में बरेली विकास प्राधिकरण द्वारा बड़ा कदम उठाया गया है। लखनऊ में 16 जनवरी 2026 से 18 जनवरी 2026 तक आयोजित इंडिया फूड एक्सपो-2026 में उपाध्यक्ष, बरेली विकास प्राधिकरण डॉ० मनिकन्डन ए० द्वारा प्रस्तावित औद्योगिक टाउनशिप का प्रभावी प्रस्तुतीकरण किया गया।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार की औद्योगिक एवं निवेश-अनुकूल नीतियों के क्रम में बरेली विकास प्राधिकरण द्वारा बरेली को औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। बरेली शहर की भौगोलिक स्थिति इसे औद्योगिक निवेश के लिए अत्यंत अनुकूल बनाती है। दिल्ली एवं लखनऊ के मध्य स्थित होने के साथ-साथ उत्तराखंड राज्य के निकट होने से यह क्षेत्र निवेशकों के लिए आकर्षक विकल्प बनकर उभर रहा है। वहीं गंगा एक्सप्रेसवे से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित होने के कारण बरेली की कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत हो जाती है।

दिल्ली एवं एनसीआर क्षेत्र में बढ़ते औद्योगिक दबाव को देखते हुए उद्यमियों द्वारा वैकल्पिक सैटेलाइट औद्योगिक नगरों की आवश्यकता महसूस की जा रही है, जिसमें बरेली एक व्यवहारिक और संभावनाओं से भरपूर विकल्प के रूप में सामने आ रहा है।

उद्यमियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बरेली विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग 250 हेक्टेयर भूमि पर आधुनिक औद्योगिक टाउनशिप विकसित की जा रही है। इसके प्रथम चरण में 125 हेक्टेयर क्षेत्रफल की औद्योगिक टाउनशिप लॉन्च की जा रही है। इस टाउनशिप में चौड़ी सड़कें, भूमिगत विद्युत नेटवर्क, जलापूर्ति, सीवरेज एवं ड्रेनेज सिस्टम, हरित क्षेत्र, ई-चार्जिंग स्टेशन, गैस लाइन नेटवर्क, कॉमन पार्किंग एरिया, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम, फायर स्टेशन सहित सभी अत्याधुनिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
विशेष बात यह है कि प्रस्तावित औद्योगिक टाउनशिप में विकसित किए जाने वाले सभी औद्योगिक प्लॉट लीज होल्ड न होकर फ्रीहोल्ड होंगे, जिससे निवेशकों एवं उद्यमियों को सुरक्षित, पारदर्शी और दीर्घकालिक निवेश का अवसर प्राप्त होगा। यह परियोजना न केवल बरेली बल्कि आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को गति देगी, बल्कि बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को भी मजबूती प्रदान करेगी।
उद्यमियों की सुविधा के लिए बरेली विकास प्राधिकरण द्वारा डिमांड सर्वे को तीन दिनों के लिए खोला गया है। इच्छुक उद्यमी बरेली विकास प्राधिकरण की वेबसाइट bdainfo.org पर जाकर डिमांड सर्वे फॉर्म भर सकते हैं। इसके साथ ही योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी इंडिया फूड एक्सपो-2026 के कार्यक्रम स्थल, लखनऊ में बरेली विकास प्राधिकरण के स्टॉल से भी प्राप्त की जा सकती है।
इस एक्सपो के माध्यम से देश-विदेश से आए निवेशकों, फूड प्रोसेसिंग उद्योग से जुड़े उद्यमियों और औद्योगिक संस्थाओं को बरेली में निवेश के लिए आमंत्रित किया गया।