बदायूं। भारतीय किसान यूनियन (असली गैरराजनीतिक) के बैनर तले बुधवार को आरिफपुर नवादा बिसौली रोड स्थित एक केमिकल निजी फैक्ट्री के बाहर किसानों ने धरना प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि फैक्ट्री से केमिकल युक्त गंदा पानी सड़क पर बह रहे हैं। जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और आए दिन वाहन पलटने की घटनाएं होती रहती हैं।
जिलाध्यक्ष केपी राठौर ने बताया इस गंदे पानी से आसपास की जमीन बंजर हो रही है और खेतों में फसलें नष्ट हो रही हैं। पेड़-पौधे सूख रहे हैं और पूरे क्षेत्र में बदबू और प्रदूषण फैल रहा है। सत्यवीर यादव, राजपाल सिंह, सूर्य प्रताप यादव ,महेश पाल सिंह ने बताया कि कई बार डीएम को शिकायतें देने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हुआ, केवल हल्की मरम्मत कर दी जाती है। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि फैक्ट्री मालिक ने पीडब्ल्यूडी की भूमि पर कब्जा कर रखा है। सड़क किनारे राख डालकर गंदगी फैलाए हैं। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि फैक्ट्री मालिक पर एफआईआर दर्ज कर नुकसान की भरपाई कराई जाए तथा प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाए। किसान यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर फैक्ट्री से गंदे पानी का निकास बंद नहीं हुआ और कब्जा नहीं हटाया गया तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा और अदालत में मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा। इस मौके पर प्रताप सिंह, महेश पाल सिंह, अशोक कुमार सिंह, सर्वेंद्र यादव, राजेश सिंह, कमल गुप्ता, प्रदीप राठौर आदि मौजूद रहे।
