
सहसवान-आज ईख के खेत में एक सड़ा गला शव मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। क्षेत्र के गांव भीकमपुर के ग्रामीणों ने शव के पास मिले कपड़ों और जूतों के आधार पर दावा किया कि यह उनके गांव से करीब डेढ़ महीने पूर्व लापता हुए युवक का शव है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव हरदतपुर से घूरनपुर को जाने वाले मार्ग के मध्य से धुबिया गांव को रास्ता जाता है। इसी रास्ते पर बुधवार शाम करीब पांच बजे ग्रामीणों ने एक ईख के खेत में एक सड़ा गला शव पड़ा देखा। शव का सिर और हड्डियां अलग-अलग पड़ी हुई थी। कपड़े और जूते भी वहीं पड़े हुए थे। थोड़ी देर में धुबिया, घूरनपुर, भीकमपुर टप्पा जामनी आदि आसपास गांवों के ग्रामीण एकत्र हो गए। भीकमपुर निवासी आदिल ने कपड़ों आदि के आधार पर शव की शिनाख्त अपने लापता भाई आकिल पुत्र मुन्ने खान के रुप में की। उन्होंने बताया कि उनका भाई पेशे से ड्राइवर था। वह दिल्ली में एक ट्रांसपोर्ट कंपनी का कैंटर चलाता था। मोहर्रम पर वह गांव आया था। करीब डेढ़ माह पहले वह अपनी पत्नी से दिल्ली जाने की बात कह कर घर से गया था। तब से उसका कोई पता नहीं चल रहा था। इस संबंध में आदिल ने 15 सितंबर को कोतवाली में गुमशुदी दर्ज कराई थी। बाद में पता चलने की बात कहते हुए गांव के ही दो लोगों के खिलाफ अपहरण की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। तब से पुलिस आरोपितों और लापता युवक की तलाश में लगी हुई थी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच की ओर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। तेज तर्रार थाना प्रभारी राजेंद्र बहादुर सिंह का कहना था कि जांच की जा रही है। इसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
