
ऑफिस के बाद कलेक्ट्रेट सभागार भी हुआ अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने चार्ज लेने के बाद बदली कलेक्ट्रेट की सूरत
बरेली, 24 सितम्बर 2025 – बरेली कलेक्ट्रेट का स्वरूप अब पूरी तरह बदल चुका है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने चार्ज संभालने के बाद न केवल कार्य संस्कृति में सुधार किया, बल्कि भवन और परिसर को भी नया रूप देने का काम किया है।
विकास की रफ्तार में बरेली आगे
सबसे पहले जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट गेट का सौंदर्यकरण कराया, जिसके बाद अब परिसर में प्रवेश करने पर एक आकर्षक और सुव्यवस्थित माहौल दिखाई देता है। वहीं कलेक्ट्रेट सभागार को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त कर दिया गया है, जिससे अधिकारियों की बैठकें और आम जनता की समस्याओं के समाधान से जुड़ी गतिविधियाँ और भी व्यवस्थित तरीके से हो सकेंगी।
जिलाधिकारी लगातार सीएम डैशबोर्ड पर बरेली को प्रथम स्थान दिलाने के लिए दिन-रात बैठकों का सिलसिला चला रहे हैं। उनका फोकस शहर को सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने पर है। इसके लिए कूड़ा प्रबंधन, पौधारोपण और सफाई अभियान जैसी गतिविधियाँ लगातार चल रही हैं।
अपराध और अव्यवस्था पर सख्ती

जिलाधिकारी ने साफ कहा है कि गुंडों और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई किसी भी हाल में रुकेगी नहीं। अब तक कई अपराधियों को जिला बदर किया जा चुका है, वहीं लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी लगातार जारी है।
सड़क सुरक्षा पर विशेष ध्यान
अविनाश सिंह सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में विशेष रुचि ले रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि –
18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को वाहन न चलाने दिया जाए।
अवैध रूप से संचालित हो रही एम्बुलेंसों पर सख्त कार्रवाई हो।
विकासखंड स्तर तक सड़क सुरक्षा समितियों का गठन किया जाए।
स्वच्छता और जनजागरूकता

जिलाधिकारी ने नगर निगम और नगर पंचायतों को डस्टबिन लगाने के निर्देश दिए हैं ताकि लोग सड़क या खाली स्थान पर कूड़ा न फेंकें। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को जन-जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने को भी कहा है।
त्योहारों को लेकर शांति की अपील
आगामी दशहरा और दीपावली को देखते हुए जिलाधिकारी ने पीस कमेटी की बैठक बुलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनता से अपील की है कि सभी लोग आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाएँ।