
बरेली में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 के तहत 50 हजार विद्यार्थियों ने ली सड़क सुरक्षा शपथ
बरेली। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 के अंतर्गत जनपद बरेली में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन, विशेषकर विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस क्रम में दिनांक 29 एवं 30 जनवरी 2026 को जनपद के समस्त विद्यालयों में प्रार्थना सभा (असेंबली) के दौरान सड़क सुरक्षा शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम सम्भागीय परिवहन अधिकारी बरेली श्री पंकज सिंह के अनुरोध पर तथा जिला विद्यालय निरीक्षक बरेली श्री अजीत कुमार के निर्देशन में संपन्न हुआ। अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत लगभग 50,000 छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से सड़क सुरक्षा शपथ ग्रहण की।

शपथ कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। छात्र-छात्राओं ने यह संकल्प लिया कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करेंगे, दोपहिया वाहन पर हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करेंगे। इसके साथ ही नाबालिग अवस्था में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सड़क पर पैदल चलने वाले नागरिकों और अन्य वाहन चालकों के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने का भी संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यातायात संकेतों, ज़ेब्रा क्रॉसिंग, साइड इंडिकेटर, लेन अनुशासन तथा सुरक्षित सड़क व्यवहार के महत्व के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों और शिक्षकों ने बच्चों को समझाया कि सड़क सुरक्षा केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि सभी लोग नियमों का ईमानदारी से पालन करें तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।

विद्यालय स्तर पर आयोजित इस व्यापक जागरूकता अभियान से विद्यार्थियों में अनुशासन, उत्तरदायित्व और सुरक्षित व्यवहार की भावना विकसित होगी। यह पहल भविष्य में उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।