
विकास एवं निर्माण कार्यों पर सी0एम0 डैशबोर्ड की बैठक हुई सम्पन्न
बैठक में बी, सी, डी व ई रैंक वाले विभागों, योजनाओं व निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की और कारणों को जान कर उनके निस्तारण के सम्बंध में दिए गए आवश्यक निर्देश
समस्त संबंधित विभागों को रैंकिंग ए प्लस और ए के बीच में बनाए रखने के दिए गए निर्देश
बरेली, 24 अप्रैल। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आज विकास एवं निर्माण कार्यों पर सी0एम0 डैशबोर्ड की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सम्पन्न हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों से जानकारी ली कि अप्रैल माह की रैंकिंग में जनपद की रैंकिंग नीचे जाने के कोई कारण तो नहीं है। सभी को निर्देशित किया गया कि रैंकिंग ए प्लस और ए के बीच में बनाए रखें।
बैठक में बी, सी, डी व ई रैंक वाले विभागों, योजनाओं व निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की और कारणों को जान कर उनके निस्तारण के सम्बंध में निर्देश दिए गए।

बैठक में समीक्षा के दौरान पाया गया कि बेसिक शिक्षा में बी ग्रेड प्राप्त हुआ है जो कि एमडीएम और उपस्थिति के सापेक्ष मिली है। जिस पर जिलाधिकारी ने कहा कि जब चित्रकूट की सबसे अच्छी रैंक है तो आप भी उनसे बात करके अच्छा करें। माह के अंतिम दिन की फीडिंग पर विशेष ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है।

बैठक में कार्यदायी संस्था द्वारा अवगत कराया गया कि थानों के बैरक निर्माण का कार्य पूर्ण है लेकिन कोर्ट का स्टे होने के कारण भवन की बाउंड्रीवाल व एप्रोच रोड एग्रीमेंट के आधार पर पूर्ण नहीं हो पा रहा है। जिस पर जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारी से बात करने के निर्देश दिए।
बैठक में अवगत कराया कि अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के बजट से जनपद में यूनानी अस्पताल का निर्माण कराया गया है, जिसकी डीपीआर में विद्युत संयोजन के लिए प्राविधान ना होने के कारण विद्युत संयोजन नहीं हो सका है और अस्पताल क्रियाशील नहीं है। जिस पर निर्देश दिए गए कि निर्धारित आदेश के अनुसार भवन हैण्डओवर किसे होना है उसे हैण्डओवर कराते हुए विद्युत संयोजन हेतु अग्रिम कार्यवाही की जाए।

बैठक में अवगत कराया गया कि जल जीवन मिशन के अन्तर्गत 96 प्रतिशत कनेक्शन हो गए हैं, जिस पर उक्त कार्य को 98 प्रतिशत पर ले जाने के निर्देश दिए गए, जिससे रैंक प्रभावित ना हो।
बैठक में अधिशासी अभियंता आरईडी द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में पांच कस्तूरबा विद्यालयों का निर्माण कार्य मिला था लेकिन हमें भूमि सितम्बर 2024 को मिली लेकिन प्रारम्भ तिथि पहले की दिखायी गयी है यदि प्रारम्भ तिथि संशोधित हो जाए तो हम ए प्लस में आ जाएंगे।

बैठक में बताया गया कि किसान कल्याण केन्द्र का निर्माण कार्य सी रैंक में है, जिस पर अवगतक कराया गया कि धनराशि ना आने के कारण रैंक पिछड़ी थी अब चूंकि बजट आ गया है अतः कार्य शीघ्र पूर्ण कराते हुए रैंक में सुधार ले आया जाएगा।
बैठक में अवगत कराया कि जय प्रकाश नारायण विद्यालय का मनौना व गोपालपुर में कार्य चल रहा है जो कि डी रैंक में है। इसके साथ ही पर्यटन विभाग के 10 निर्माण कार्य हैं, जिनकी डी रैंक है, जिस पर अवगत कराया गया कि 10 में से 05 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, 02 इस माह पूर्ण हो जाएंगे।
बैठक में अवगत कराया कि बेसिक शिक्षा विभाग यूपीपीसीएल द्वारा कस्तूरबा विद्यालय की ई रैंक है, जिस पर अवगत कराया गया कि शेरगढ़ में हाई टेंशन लाइन की समस्या थी, जिसका दिसम्बर में निस्तारण होने के बाद कार्य में गति है।
बैठक में 50 लाख से अधिक की धनराशि के 14 कार्यों की भी समीक्षा की गयी, जिसके अन्तर्गत यूपी सिडको द्वारा मिनी बाईपास पर बस स्टेशन का निर्माण कार्य, ग्राम मुस्तिकला में पशु चिकित्सा संस्थान, जयप्रकाश सर्वोदय विद्यालय भोजीपुरा, रुहेलखण्ड नहर का डारमेट्री और हाल का निर्माण कार्य आदि की समीक्षा की गयी।
बैठक में 50 करोड़ से अधिक लागत के 06 प्रोजेक्ट की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गयी कि दो कार्य सेतु निगम के हैं जिनकी प्रगति लगभग 50 प्रतिशत है। पुरानी जिला जेल के कार्य की प्रगति 91 प्रतिशत है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जग प्रवेश, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 विश्राम सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी दीक्षा भंडारी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।