Oplus_131072

बदायूं। सहसवान तहसील क्षेत्र के ग्राम जामनी में पट्टे की कृषि भूमि को लेकर विवाद का मामला प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि कुछ दबंग लोग उनकी जमीन पर अवैध कब्जा करने और उन्हें परेशान करने का प्रयास कर रहे हैं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं।

पीड़ित परिवार का कहना है कि वह करीब दो वर्षों से न्याय की आस में अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसुनवाई, तहसील समाधान दिवस, क्षेत्राधिकारी सहसवान, कोतवाली सहसवान और थाना पुलिस तक अपनी शिकायत पहुंचा चुका है। इसके बावजूद पीड़ित का आरोप है कि अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

पीड़ित ने अपने शिकायती पत्रों में भूमि के पट्टे और गाटा संख्या का विवरण देते हुए अपनी समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया है। आरोप है कि कुछ लोग उनकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं और विरोध करने पर परिवार को धमकाते हैं।

सवाल यह है कि जब पीड़ित मुख्यमंत्री की जनसुनवाई से लेकर तहसील समाधान दिवस और पुलिस के आला अधिकारियों तक अपनी फरियाद पहुंचा चुका है, तो आखिर उसकी समस्या का समाधान क्यों नहीं हुआ? क्या संबंधित अधिकारियों ने मौके पर जाकर जांच की? यदि जांच हुई तो अब तक क्या कार्रवाई की गई?

लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने के आरोपों से प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित को अब यह आशंका है कि कहीं दबंगों के प्रभाव के चलते जिम्मेदार अधिकारी भी चुप्पी साधे तो नहीं बैठे हैं।

अब देखना होगा कि जिला प्रशासन कब इस मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराता है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाता है।