सहसवान: पन्नालाल नगरपालिका इंटर कालेज में समग्र विकास सेवाश्रम के तत्वावधान में चल रहे पांच दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा शिविर के द्वितीय दिवस का शुभारंभ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उझानी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ प्रभाकर मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
शिविर की शुरुआत में उन्होंने साधकों में उत्साह भरते हुए विभिन्न आसन कराए। सूक्ष्म क्रियाएं कराते हुए उन्होंने कहा कि सूक्ष्म व्यायाम शरीर की संधियों को स्वस्थ रखता है और स्नायु मंडल को शक्ति, स्फूर्ति प्रदान करता है। इसके निरंतर अभ्यास से सियाटिका दर्द, घुटना दर्द, पद्मासन में सहायक और बड़ी हुई चर्बी को कम

करता है। योग शरीर को स्वस्थ रखने का जीवन कौशल है। हमें योग को सजगता और सहजता से करना चाहिए। हर क्रिया को अपनी सामर्थ्य के अनुसार करना चाहिए। योग थेरेपिस्ट ईशू मालपाणी जीवा आयुर्वेद फरीदाबाद एवं सहयोग शिक्षक अवनि द्वारा यौगिक जांगिंग एवं अन्य योग क्रियाएं कराईं गईं। प्राकृतिक चिकित्सक एवं योग विशेषज्ञ डॉ सविता मालपाणि ने साधकों को एक्यूप्रेशर के बिंदुओं के बारे में विशेष जानकारी दी और बताया कि तात्कालिक लाभ के लिए एक्यूप्रेशर लाभकारी पद्धति है। संस्था अध्यक्ष प्रेम स्वरूप गुप्त ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। शिविर संयोजिका डा सविता मालपाणि ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या मे प्रतिभाग करने की अपील की। शिविर में सोमेश असावा, प्रकाश जौहरी, सीमा, संध्या, ऊषा मिश्रा, दीपक, राम अवतार, भवेश चांडक, संजीव कुमार, गौरव, अंशु प्रकाश, मनोज यादव, अवधेश्वर दयाल आदि का विशेष सहयोग रहा।