
बदायूं। जिला अस्पताल में ट्रांसफार्मर फुंकने से शुक्रवार को छह घंटे तक बिजली गायब रही। जहां एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और जांच कराने आए मरीजों को इंतजार करने के बाद मायूस होकर लौटना पड़ा। दो बजे के बाद बिजली सप्लाई सुचारू हो सकी। तब तक मरीज लौट गए। वार्ड में भर्ती मरीज भी गर्मी से बेहाल दिखाई दिए। शुक्रवार को सुबह आठ बजे अस्पताल खुला। नौ बजे से पर्चा खिड़की से पर्चा बनना शुरू हुए। इसी दौरान अचानक ट्रांसफार्मर में आग लग गई। दस बजे डॉक्टर

और कर्मचारी अपनी -अपनी सीट पर बैठे। 10 से 11 बजे तक एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, पैथालॉजी की जांच कराने वालों की लाइन लग गई। पता लगा कि बिजली ही नहीं है। दो बजे तक मरीज जांच के लिए इंतजार में बैठे रहे। छह घंटे के इंताजर के बाद मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ा। सीएमएस डॉ. कप्तान सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर फुकने से लाइट ठप हो गई। कर्मचारी फॉल्ट ठीक करने में लगे रहे। करीब 2.20 बजे फॅल्ट ठीक हो सका। मरीजों को एक्सरे व अल्ट्रासाउंड कराने में दिक्कत हुई है। जनरेटर से पूरे अस्पताल की व्यवस्था नहीं हो सकती। ब्लड बैंक व इमरजेंसी वाले मरीजों को जनरेटर चलवाकर सुविधा दी गई।






