
पीलीभीत की 189 सड़कों के स्वास्थ्य में सुधार, 103 करोड़ से होगी मरम्मत
केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद के प्रयासों से 189 सड़कों की मरम्मत के लिए मिली स्वीकृति
पीलीभीत। पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र की 189 सड़कों की हालत में जल्द सुधार होगा। केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद के प्रयासों से गन्ना विकास विभाग की इन सड़कों की मरम्मत के लिए मंजूरी मिल गई है।

इसमें 94 सड़कें पीलीभीत जिले में और 95 संपर्क मार्ग बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र में शामिल हैं। इन जर्जर सड़कों से ग्रामीणों को लंबे समय से कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था, जिनकी मरम्मत के लिए अब स्वीकृति प्राप्त हुई है।

इसमें अधिकांश सड़कें गन्ना क्षेत्र के तहत आती हैं, जहां पीलीभीत और बहेड़ी में चार चीनी मिलें संचालित हैं। लंबे समय से इन सड़कों की हालत खराब थी, जिससे किसानों और ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाइयाँ हो रही थीं।
इस परियोजना के तहत 103 करोड़ रुपये की राशि से लगभग 200 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत की जाएगी।

इन सड़कों की मरम्मत से क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी और क्षेत्र की विकास यात्रा को और गति मिलेगी। केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सहयोग इस प्रयास के पीछे है, जो क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है।
पीलीभीत की इन सडक मार्गों की होगी मरम्मत
सदर, बरखेड़ा, बीसलपुर और पूरनपुर विधानसभा क्षेत्रों की 94 सड़कों का नाम इस सूची में शामिल हैं। देदगंज डिग्री गौटिया से सरदार नगर संपर्क मार्ग, नेवादा श्यामपुर दलेलगंज मार्ग से सरदार नगर संपर्क मार्ग, रफिया दीननगर तिराहे से टोडरपुर तक संपर्क मार्ग शामिल हैं।

अमीरनगर से मोहनपुर संपर्क मार्ग, भिखारीपुर मंगा से उगनपुर संपर्क मार्ग, टाह पौटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से अनवरगंज संपर्क मार्ग, बनकटी मार्ग से पौटा संपर्क मार्ग, मझोला मार्ग से रामपुर बौरख संपर्क मार्ग, केसोपुर से अजीतपुर बिल्हा संपर्क मार्ग की भी मरम्मत होगी। कई अन्य मार्ग भी इस सूची में शामिल हैं।

पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र को एक आदर्श क्षेत्र के रूप में विकसित करने की दिशा में सांसद चुने जाने के बाद ही प्रयास प्रारंभ कर दिए थे। प्रसन्नता है कि क्षेत्र की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सहयोग मिल रहा है। इन सड़कों को मिली स्वीकृति इसी का परिणाम है।
जितिन प्रसाद, केंद्रीय राज्यमंत्री –