दृष्टिबाधित फरियादी पर बरसाईं लातें: बिसौली कोतवाली में गुंडागर्दी का वीडियो वायरल,इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह और दरोगा भूपेंद्र निलंबित, सीओ को सौंपी जांच

बदायूं। अंधे फरियादी की बेरहमी से पिटाई, बिसौली कोतवाल और दरोगा सस्पेंड

  • ई-रिक्शा दुर्घटना की शिकायत करने गए दृष्टिबाधित व्यक्ति को थाने में पीटा, वीडियो वायरल होने पर एसएसपी की बड़ी कार्रवाई
    जनपद में पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर दागदार हुई है। बिसौली कोतवाली में न्याय की गुहार लगाने पहुंचे एक दृष्टिबाधित (अंधे) बुजुर्ग के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसएसपी) ने तत्काल संज्ञान लेते हुए बिसौली कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह पुंडीर और उप-निरीक्षक भूपेंद्र यादव को निलंबित कर दिया है। मामले की जांच सीओ बिसौली को सौंपी गई है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, मामला बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव मुहम्मद मई के पास हुई एक सड़क दुर्घटना से जुड़ा है। होली के दौरान बाइक और ई-रिक्शा की भिड़ंत में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। घायल युवक के चाचा मोरपाल, जो आंखों से देख नहीं सकते, ने इस मामले में पुलिस को लिखित तहरीर दी थी।
थाने में मिलीं लातें और गालियां
पीड़ित मोरपाल का आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी जब पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, तो उन्होंने संबंधित दरोगा को फोन किया। फोन पर अभद्रता होने के बाद मोरपाल खुद कोतवाली पहुंचे। आरोप है कि वहां उनकी मदद करने के बजाय कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह पुंडीर ने उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की और गाली-गलौज करते हुए उन्हें थाने से बाहर खदेड़ दिया।
वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप
थाने के भीतर दिव्यांग बुजुर्ग के साथ हुई इस बदसलूकी का किसी ने वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। खाकी की इस “गुंडागर्दी” का वीडियो जैसे ही पुलिस के आला अधिकारियों तक पहुंचा, महकमे में खलबली मच गई।
एसएसपी की सख्त कार्रवाई
मामले की गंभीरता और मानवाधिकारों के उल्लंघन को देखते हुए एसएसपी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने आरोपी इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह पुंडीर और दरोगा भूपेंद्र यादव को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस का जनता के प्रति ऐसा व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच क्षेत्राधिकारी (सीओ) बिसौली को सौंपी गई है।