हादसा होने की रहती है संभावना, आवागमन में दिक्कत
दो पुलिसकर्मियों की तैनाती के बाबजूद नहीं सुधर रहे हालात
सहसवान: नगर के मध्य से गुजरने वाले फोरलेन बदायूं मेरठ हाईवे के अकबराबाद चौराहे पर दिन भर डग्गामार वाहन सड़क के दोनों ओर लाइन लगाए खड़े रहते हैं। इससे हाइवे पर जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पैदल राहगीरों और गांव से प्रतिदिन
तहसील मुख्यालय आने वाले हजारों ग्रामीणों को भी चौराहा पार करने में काफी दिक्कत होती है। इसके अलावा हादसा होने की संभावना भी बनी रहती है।
बदायूं मेरठ हाइवे जिसे दिल्ली रोड के नाम से जाना जाता है। शहबाजपुर, चौकी नंबर चार के साथ

अकबराबाद चौराहा सबसे ज्यादा व्यस्त रहता है। यहां जाम की समस्या स्थाई बनी हुई है। हाइवे को फोरलेन में बदलने का कार्य शुरू हुआ तो लोगों को लगा कि अब इस समस्या से निजात मिल जाएगी। सड़क निर्माण के दौरान कुछ वक्त के लिए डग्गामार गायब हो गए लेकिन सडक बनते ही फिर से डग्गामारों ने हाइवे पर कब्जा कर लिया। सुबह से ही टेंपो, कारें और अन्य वाहन दोनों तरफ की आधी आधी सडक पर कब्जा जमा कर खडे हो जाते हैं। इससे हाइवे से गुजरने वाले वाहन चालकों को तो दिक्कत होती ही है। साथ ही स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
चौराहे पर दो पुलिसकर्मियों की तैनाती रहती है लेकिन यह वाहनों को यहां से हटाने और आवागमन सुचारू करने के लिए नाकाफी साबित होते हैं। गुरुवार को चौराहे पर होमगार्ड सौदान सिंह और रामकिशोर तैनात थे। यह एक ओर से वाहनों को हटाते थे। तब तक सड़क के दूसरे ओर लाइन लग जाती थी।