साप्ताहिक बंदी का अनुपालन सुनिश्चित कराए व्यापारी व उद्यमी

कैम्प लगाकर पंजीकृत इकाइयों की संख्या बढाएं अधिकारी

बदायूँ : 29 अप्रैल जिला श्रम बंधु की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि पूर्व में उद्यमियों व व्यापारियों के साथ बैठक की गई थी जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया था कि व्यापारी व उद्यमी साप्ताहिक बंदी का अनुपालन सुनिश्चित कराएंगे। उन्होंने कहा कि निरीक्षण व प्रवर्तन की कार्यवाही की आवश्यकता न हो, व्यापारी स्वयं आगे आकर साप्ताहिक बंदी का अनुपालन कराना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में कार्यरत कारखाना के सेवायोजक कारखाना अधिनियम के अंतर्गत अपने कारखानों का पंजीयन कराना सुनिश्चित करें। उन्हांने निर्देशित किया कि जनपद में पंजीकृत इकाइयों की संख्या बढ़ाई जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि मई 2023 तक जनपद में पंजीकृत इकाइयों की संख्या 500 तक कराई जाए। उन्होंने सहायक श्रम आयुक्त, सहायक निदेशक कारखाना को कारखाना अधिनियम के अंतर्गत उपायुक्त उद्योग के सहयोग से पंजीयन हेतु कैंप का आयोजन करने हेतु निर्देशित भी किया।

सहायक निदेशक कारखाना द्वारा बताया गया कि 22 प्रकार के कार्यों में पांच वर्कर पर भी इकाई का रजिस्ट्रेशन कारखाना अधिनियम के अंतर्गत किया जा सकता है। सहायक श्रम आयुक्त द्वारा अब तक की गई कार्यवाही पर विस्तार से प्रकाश डाला गया व समिति को अवगत कराया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन विजय कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट बृजेश कुमार सिंह, सहायक श्रमायुकत अजीत कनौजिया, उपायुक्त उद्योग दुर्गेश कुमार, जिला सूचना अधिकारी आशुतोष चन्दोला सहित विभिन्न अधिकारी व उद्यमीगण उपस्थित रहे।