
दिव्यांगजन मेडिकल बोर्ड भंग, नया बोर्ड का हुआ गठन, ईएनटी सर्जन का रुतबा कायम
बदायूं। राज्य आयुक्त दिव्यांगजन हिमांशु शेखर झा ने मंगलवार को राजकीय महाविद्यालय आवास विकास में आयोजित मोबाइल कोर्ट में दिव्यांगजनों की विभिन्न समस्याओं को सुनकर उसके गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। पूर्व में जारी अस्थाई दिव्यांगता प्रमाण पत्रों को उन्हांने निरस्त करते हुए पुनः परीक्षण कर नियमानुसार पात्रों को स्थाई दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने व भविष्य में अस्थाई दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी ना करने के निर्देश दिए।
मोबाइल कोर्ट में 180 दिव्यांगजनों ने अपनी शिकायतें व समस्याएं रखीं।

राज्य आयुक्त दिव्यांगजन हिमांशु शेखर झा के समक्ष 180 दिव्यांगजनों ने पेंशन, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आवास, अंत्योदय राशन कार्ड, सहायक उपकरणों की मांग आदि से संबंधित अपनी समस्याएं व शिकायतें रखीं, जिनके त्वरित व गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए गए।
राज्य आयुक्त दिव्यांगजन के समक्ष सुनील पुत्र सुरेंद्र पाल निवासी मोहकमपुर थाना फैजगंज बेहटा के भूमि संबंधी मामले में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को निस्तारण करने के निर्देश दिए गए वहीं मूक-बधिर दिव्यांगजन के एक प्रकरण में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ रामेश्वर मिश्रा को निर्देशित किया गया कि वह मुख्य चिकित्साधिकारी शाहजहांपुर से संपर्क कर प्रार्थी का बेरा टेस्ट करवाए।
राज्य आयुक्त दिव्यांगजन ने कहा कि दिव्यांगजनों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता पर सुनिश्चित किया जाए। उन्हें सरकार द्वारा अनुमन्य विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि मोबाइल कोर्ट का आयोजन दिव्यांगजनों की विभिन्न समस्याओं को जानना व उसके त्वरित निस्तारण के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन अधिक से अधिक संख्या में इस प्रकार के आयोजनों का लाभ उठाएं।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ रामेश्वर मिश्रा ने एक नया दिव्यांगजन मेडिकल बोर्ड का गठन करते हुए मौजूदा बोर्ड को भंग कर दिया गया है,इस नए बोर्ड का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग व्यक्तियों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए नीतियों और योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना होगा। उन्होंने दिव्यांगजनों के लिए पूर्व में गठित मेडिकल बोर्ड को निरस्त करते हुए नए मेडिकल बोर्ड गठन की घोषणा की हैं।
नए दिव्यांगजन मेडिकल बोर्ड में कौन-कौन चिकित्सक शामिल –

दिव्यांगजन नए मेडिकल बोर्ड में ईएनटी सर्जन डॉ एमए सिद्दीकी जिला अस्पताल, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ केपी यादव जिला अस्पताल, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ हरीश राजपूत, जिला अस्पताल,मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ नरवीर सिंह यादव राजकीय मेडिकल कॉलेज, बोर्ड में शामिल रहेंगे।
राज्य आयुक्त दिव्यांगजन हिमांशु शेखर झा ने दिव्यांगजन बोर्ड के ईएनटी सर्जन डॉ एमए सिद्दीकी की कार्य कुशलता की प्रशंसा करते हुए कहा डॉ सिद्दकी एक कुशल, योग्य, सक्षम चिकित्सक हैं जो दिव्यांगजन मेडिकल बोर्ड में पूर्व की तरह बने रहेंगे।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य आयुक्त दिव्यांगजन ने दीप प्रज्जवलित कर किया।
इस अवसर पर राज्य उपायुक्त दिव्यांगजन शैलेंद्र सोनकर, विधि अधिकारी उत्कृष्ट द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी केशव कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ रामेश्वर मिश्रा, जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी प्रणव पाठक सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।






